{"_id":"5ca72904bdec22146e0fade8","slug":"agusta-westland-christian-michel-denied-its-earlier-statement-on-ahmed-patel-in-court","type":"story","status":"publish","title_hn":"अगस्ता वेस्टलैंड: बयान से पलटा मिशेल, कहा- एजेंसी के सामने नहीं लिया किसी का नाम","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अगस्ता वेस्टलैंड: बयान से पलटा मिशेल, कहा- एजेंसी के सामने नहीं लिया किसी का नाम
Fri, 05 Apr 2019 03:38 PM IST
अभिषेक त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: अभिषेक त्यागी
Updated Fri, 05 Apr 2019 03:38 PM IST
विज्ञापन
क्रिश्चियन मिशेल (फाइल फोटो)
अगस्ता वेस्टलैंड सौदे के कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल ने प्रवर्तन निदेशालय के सामने गुरुवार को 'एपी’ का जिक्र किया जो अहमद पटेल के लिए माना जा रहा है। मिशेल के अनुसार ‘एपी’ का मतलब अहमद पटेल और ‘फैम’ का मतलब परिवार है। मगर अब वह अपने पहले के बयान से पलट गया है। उसका कहना है कि उसने जांच एजेंसी के सामने किसी का नाम नहीं लिया है।
विज्ञापन
वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदा मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से क्रिश्चियन मिशेल के खिलाफ अनुपूरक आरोप दायर करने के एक दिन बाद कथित बिचौलिया मिशेल शुक्रवार को दिल्ली की अदालत में अपने पहले के बयान से मुकर गया। उसने कहा कि उसने जांच एजेंसी के सामने किसी का नाम नहीं लिया है।
विज्ञापन
मिशेल ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक एजेंडे के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। मिशेल के वकील ने दावा किया कि आरोप पत्र की प्रति मिशेल को देने से पहले मीडिया को दे दी गई। मिशेल की ओर से याचिका दायर करने वाले वकील अल्जो के जोसेफ ने दावा किया, ‘उसने (मिशेल ने) किसी का नाम नहीं लिया।’
विज्ञापन
अपनी याचिका में मिशेल ने सवाल किया कि आरोप पत्र पर अदालत द्वारा संज्ञान लेने से पहले यह मीडिया को कैसे लीक हो गया। मामले पर छह अप्रैल को सुनवाई होगी। इससे पहले एजेंसी ने अपने पूरक आरोपपत्र में कहा था कि जब सौदा हो रहा था तब रक्षा अधिकारियों, नौकरशाहों, मीडियाकर्मियों और सत्तारूढ़ पार्टी के महत्वपूर्ण राजनीतिक व्यक्तियों को रिश्वत का एक हिस्सा दिया गया था।
आरोपपत्र में ईडी का कहना है, ‘रिश्वत पाने वालों में कई वर्गों के लोग शामिल रहे जिनमें वायु सेना के अधिकारी, रक्षा मंत्रालय के अफसर समेत नौकरशाह और तत्कालीन सत्तारूढ़ पार्टी के शीर्ष नेता थे। क्रिश्चियन मिशेल के अनुसार ‘एपी’ का मतलब अहमद पटेल और ‘फैम’ का मतलब 'परिवार’ है।