प्रदूषण के मामले में आगरा देश में चौथे स्थान पर
इधर कोहरे का प्रकोप बढ़ा, उधर शहर में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। दिवाली के बाद से बेहद खतरनाक स्तर पर चल रही शहर की हवा में मौजूद प्रदूषण के तत्व कोहरे के कारण वायुमंडल में ऊपर नहीं पहुंच पा रहे। हवा न चलने से स्मॉग के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कतें हो रही हैं।
हाल ये है कि आगरा देश का चौथा सबसे प्रदूषित शहर हो गया। प्रदेश के तीन शहर टॉप 10 की सूची में हैं। इनमें लखनऊ देश में सबसे प्रदूषित और कानपुर सातवें नंबर पर रहा।
पांच दिनों से जारी कोहरे का कहर शनिवार सुबह भी जारी रहा। देर रात शुरू हुआ कोहरा सुबह बेहद घना हो गया। सुबह दृश्यता शून्य ही रही। वाहनों को रेंगकर चलना पड़ा।
अगले दो दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा
शनिवार सुबह स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतें रहीं। सुबह गलन और ठिठुरन भरी ठंड के कारण स्कूली बच्चे पूरी तरह से गर्म कपड़ों में भी पैक होकर गए, लेकिन शीतलहर के बीच कांपते ही दिखे।
शनिवार को अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा। 12 दिसंबर के बाद कोहरे का कहर कुछ कम होगा। दोपहर में तेज धूप से राहत मिल सकेगी।
शहर एयर क्वालिटी इंडेक्स
लखनऊ 425
अहमदाबाद 412
दिल्ली 380
आगरा 366
पटना 364
गुड़गांव 346
मुजफ्फरपुर 327
कानपुर 305