फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Aaj Ke Din 11 August 2026 Jharkhand Students Protest UP CM Yogi Adityanath UGC NET Answer Key Protest news

आज के दिन: पेपर लीक के खिलाफ झारखंड में एबीवीपी का विधानसभा घेराव, यूपी सीएम आज संतकबीरनगर को देंगे सौगात

Tue, 11 Aug 2026 06:00 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Tue, 11 Aug 2026 06:00 AM IST
विज्ञापन
Aaj Ke Din 11 August 2026 Jharkhand Students Protest UP CM Yogi Adityanath UGC NET Answer Key Protest news
आज के दिन। - फोटो : अमर उजाला
आज 11 अगस्त को श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि है। आज देश के विभिन्न राज्यों में कई अहम विकास परियोजनाएं, जन आंदोलन और प्रशासनिक बदलाव होने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में बड़ी सौगातों से लेकर कर्नाटक, झारखंड और दिल्ली में होने वाले प्रदर्शनों तक, आइये जानते हैं दिन की अहम घटनाओं के बारे में। 
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश: सीएम योगी संतकबीरनगर को देंगे ₹567 करोड़ से अधिक की सौगात
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 1:00 बजे संतकबीरनगर जिले के कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे। यहाँ आयोजित एक भव्य समारोह में वे ₹567.76 करोड़ की कुल 119 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 38 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण और 81 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इस सौगात का सबसे बड़ा लाभ खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा, जहां सड़कों के चौड़ीकरण, पेयजल योजनाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
विज्ञापन

महाराष्ट्र: दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू
महाराष्ट्र में मंगलवार, 11 अगस्त से गाय और भैंस के दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। 'मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन' की बैठक में डीजल की बढ़ती कीमतों और पैकेजिंग खर्चों में लगभग 30% की वृद्धि को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके साथ ही डेयरी उत्पादों के दामों में भी 10% तक की वृद्धि देखने को मिल सकती है।

झारखंड: परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ एबीवीपी का विधानसभा घेराव
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) 11 अगस्त को झारखंड विधानसभा का शांतिपूर्ण घेराव करेगी। यह विरोध प्रदर्शन जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पूर्व में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के खिलाफ किया जा रहा है। एबीवीपी ने विवादित परीक्षाओं को रद्द कर पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से दोबारा आयोजित करने की मांग की है।
विज्ञापन

दिल्ली: यूजीसी नेट आंसर की में देरी पर एनटीए कार्यालय के बाहर छात्रों का धरना
यूजीसी नेट 2026 परीक्षा संपन्न होने के 40 से अधिक दिन बीत जाने के बाद भी आंसर की जारी न होने से नाराज उम्मीदवार 11 अगस्त से दिल्ली स्थित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू करेंगे। छात्रों का आरोप है कि एनटीए की ओर से देरी की वजह को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है और इस देरी से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है।

सहारनपुर में दारुल उलूम में जल चढ़ाने के एलान के बाद प्रशासन अलर्ट पर
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद स्थित दारुल उलूम में 11 अगस्त को जल चढ़ाने की घोषणा के बाद पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह सतर्क है। हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया था कि दारुल उलूम परिसर के नीचे प्राचीन शिव मंदिर और शिवलिंग मौजूद है, जिसके बाद वे वहां जल चढ़ाने जाएंगे। इसके मद्देनजर प्रशासन ने किसी भी संभावित माहौल को बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों को मुस्तैद कर दिया है और शांति भंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश: छात्रवृत्ति के लिए कल से शुरू होंगे आवेदन
उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से कक्षा 9 और 10 और दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (2026-27) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू हो रही है। पात्र छात्र (जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय ₹2 लाख या उससे कम है) 11 अगस्त से 25 अगस्त तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

पश्चिम बंगाल: नई औद्योगिक नीति पर हितधारकों की अहम बैठक
पश्चिम बंगाल सरकार जल्द ही अपनी नई औद्योगिक नीति को अंतिम रूप देने वाली है। इसके लिए राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय 11 अगस्त को विभिन्न औद्योगिक हितधारकों और प्रतिनिधियों के साथ एक परामर्श बैठक करेंगे, ताकि उनके सुझावों को अंतिम मसौदे में शामिल किया जा सके। इसके बाद इस नीति को मंत्रियों के समूह और फिर कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

कर्नाटक: गुरुगंगा-विराजा नदी के प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन
कर्नाटक के बीदर जिले के हुमनाबाद तालुक के मणिकनगर और आस-पास के गांवों के निवासी 11 अगस्त को औद्योगिक प्रदूषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषित रासायनिक कचरे को सीधे गुरुगंगा-विराजा नदी में बहाया जा रहा है, जिससे पीने का पानी और भूजल पूरी तरह जहरीला और दुर्गंधयुक्त हो चुका है, जिससे लोगों में गंभीर बीमारियां फैल रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ठोस समाधान नहीं निकला, तो वे आगे बड़ा आंदोलन करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed