{"_id":"5bc52c65bdec2269565719a3","slug":"a-nine-year-old-boy-from-eta-going-to-delhi-with-meet-his-mother","type":"story","status":"publish","title_hn":"बच्चे को याद आई मां की ममता, एटा से दिल्ली के लिए साइकिल से निकला नौ साल का लड़का","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बच्चे को याद आई मां की ममता, एटा से दिल्ली के लिए साइकिल से निकला नौ साल का लड़का
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ
Updated Tue, 16 Oct 2018 05:40 AM IST
विज्ञापन
विवाद के चलते मां बाप अलग तो हो जाते हैं, लेकिन उनको ध्यान नहीं रहता कि उनके बच्चों को क्या होगा। ऐसा ही एक मामला सोमवार को यहां सामने आया। एटा में रहने वाले एक व्यक्ति ने पत्नी को तलाक दे दिया तो वह दिल्ली चली गई और तीन बच्चे पिता के पास रह गए। सोमवार को जब नौ साल के एक बच्चे को मां की बहुत याद आई तो वह साइकिल से करीब 200 किमी दूर स्थित दिल्ली के लिए रवाना हो गया। करीब 35 किमी तक साइकिल चलाने के बाद जब वह थक गया तो यहां एक ई-रिक्शा चालक को पांच रुपये देकर दिल्ली छोड़ने को कहा। इस चालक को कुछ अजीब लगा तो वह इस मासूम को थाने ले गया। यहां पुलिस ने पिता को बुलाकर उसको सौंप दिया।
विज्ञापन
यह कहानी नहीं वास्तविकता है। एटा की कांशीराम कॉलोनी निवासी इस बच्चे के माता-पिता का कुछ समय पहले तलाक हो गया था। मां दिल्ली चली गई पर तीन भाई-बहन एटा में पिता के साथ ही रहने लगे। पिता ने दूसरी शादी कर ली। यह बच्चा अवंतीबाई स्कूल में पढ़ने लगा। पिता तो अपनी नई गृहस्थी में रम गया, लेकिन यह बच्चा मां को नहीं भुल सका। सोमवार को इस बच्चे ने साइकिल उठाई और अपनी मां से मिलने के लिए दिल्ली निकल पड़ा। चार घंटे साइकिल चला कर वह करीब 35 किमी दूर सिकंदराराऊ पहुंचा।
विज्ञापन
इतनी देर तक साइकिल चलाने के कारण वह बुरी तरह थक गया। यहां उसने एक ई-रिक्शा चालक को पांच रुपये देकर उसे दिल्ली छोड़ने के लिए कहा। ई-रिक्शा चालक उस बच्चे की हालत देख उसे कोतवाली में छोड़ गया। यहां कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने इस बच्चे से पूरी जानकारी ली। बाद में पुलिस ने बच्चे के पिता को बुलाया और उसके सुपुर्द कर दिया। हालांकि बच्चा अपनी मां से मिलने के लिए बार-बार रोता रहा।
विज्ञापन