पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तस्करों से जब्त किया गया 8 करोड़ का 55 किलो सोना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दो तस्करों के कब्जे से 18.2 करोड़ रुपये की कीमत का 55 किलो सोना जब्त किया है। पिछले दो वर्षों की यह सबसे बड़ी बरामदगी है। डीआरआई सूत्रों ने यह जानकारी दी।
डीआरआई सूत्रों ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया से उक्त सोना भूटान से होकर सिलीगुड़ी पहुंचा था। एक सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने भूटान से आ रही एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। उसे ड्राइवर की सीट के नीचे बने एक विशेष खाने में छिपाया गया था।
सूत्रों के मुताबिक वह सोना सिलीगुड़ी में एक दूसरे एजेंट को सौंपा जाना था। वहां से उसे देश के दूसरे शहर में भेजा जाना था। कार में सवार दो लोगों, गणेश भगवान कूटे और नवनाथ कालपे कूटे को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों महाराष्ट्र के सांगली जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। उक्त सोना एक-एक किलो के 55 बिस्किटों की शक्ल में था।
डीआरआई के एक अधिकारी ने बताया कि चीन, आस्ट्रेलिया और स्विट्जरलैंड जैसे देशों से सोना पहले तस्करी के जरिये भूटान पहुंचता है। वहां से इसे सड़क मार्ग के जरिये भारत में लाया जाता है। पकड़े गए लोग भी 26 अक्तूबर को भूटान की सीमा पर स्थित भारतीय शहर जयगांव पहुंचे थे। वहां से सीमा पार करके वे भूटानी शहर फुत्शोलिंग गए। वहीं एक भूटानी नागरिक ने उन्हें सोने की खेप सौंपी थी।
इस साल अब तक 353 किलो सोना जब्त
चालू वित्त वर्ष के दौरान डीआरआई ने अब तक बंगाल एवं दूसरे पूर्वोत्तर राज्यों से 353 किलो सोना और आभूषण जब्त किए हैं जिसकी कीमत 109 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह सोना बांग्लादेश, म्यांमार, भूटान, नेपाल और चीन से लाया गया था।