आज के दिन: सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री पद का लेंगे शपथ, महिला आरक्षण अधिनियम पर विपक्ष की बैठक
नमस्कार! आज है बुधवार, 15 अप्रैल। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 15 अप्रैल 2026 को वैशाख मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। बिहार में सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, विपक्ष दलों ने महिला आरक्षण अधिनियम को लेकर बैठक बुलाई है।
शुरुआत राष्ट्रपति से। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। इस दौरान वह बुधवार को नागपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के द्वितीय दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके साथ ही उसी दिन नागपुर के राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी में भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के प्रशिक्षु अधिकारियों के 78वें बैच के विदाई समारोह में भी उपस्थित रहेंगी।
पीएम मोदी का कर्नाटक दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कर्नाटक के एक दिन के दौरे पर जा सकते हैं। इस दौरान वह मांड्या जिले में एक आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। यहां प्रधानमंत्री आदिचुनचनगिरी मठ के श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर के उद्घाटन में भाग लेंगे।
सम्राट चौधरी बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बिहार में पहली बार भाजपा का कोई मुख्यमंत्री बनेगा। सम्राट चौधरी उर्फ राकेश कुमार का जन्म 16 नवंबर, 1968 को हुआ था। सम्राट चौधरी नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम रहे हैं। सम्राट चौधरी बिहार के कद्दावर नेता रहे शकुनी चौधरी के बेटे हैं। अब सम्राट चौधरी अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
विपक्ष की बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महिला आरक्षण अधिनियम को लेकर बुधवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई जाएगी। खरगे ने सोमवार को कहा कि उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की थी, लेकिन वे सर्वदलीय बैठक बुलाने के लिए तैयार नहीं हैं। यही कारण है कि विपक्ष ने 15 अप्रैल को विपक्षी दलों की सर्वदलीय बैठक बुलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ करेंगे। इस पहल के तहत एआई और साइबर सुरक्षा पर आधारित 60 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से 5 लाख युवाओं को जोड़ने की तैयारी है। यह सेंटर राज्य में डिजिटल स्किलिंग, नवाचार और तकनीकी क्षमता को नई दिशा देगा।
उमर खालिद से जुड़े मामले में सुनवाई
दिल्ली दंगा मामले में लंबे समय से जेल में बंद उमर खालिद के मामले में बुधवार को सुनवाई होगी। दरअसल, उमर खालिद ने सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के उस फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है, जिसमें उन्हें जमानत देने से साफ इनकार कर दिया गया था।
राहुल गांधी से जुड़े मामले पर सुनवाई
राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर लखनऊ हाईकोर्ट में बुधवार को अहम सुनवाई होनी है। पिछली सुनवाई पर कोर्ट ने मामले में फिर से केंद्र सरकार को रिकार्ड पेश करने का आदेश दिया था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
आज से अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। देशभर में 556 अधिकृत बैंक शाखाओं के माध्यम से अग्रिम पंजीकरण किया जा सकेगा, जबकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यात्रा के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष तय की गई है। श्रद्धालु पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर छोटे लेकिन कठिन बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यात्रा कर सकेंगे। यात्रा की शुरुआत तीन जुलाई से होगी और यह 57 दिनों तक चलकर 28 अगस्त को संपन्न होगी।
बेंगलुरु और लखनऊ के बीच मुकाबला
आईपीएल में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु में शाम के 7:30 से शुरू होगा।