Ram Mandir: गोरक्षनगरी से अयोध्या के लिए चलेगी आस्था स्पेशल ट्रेन, जानिए कब से शुरू होने की है संभावना
गोरखपुर से अयोध्या तक दो सुपरफास्ट, दो एक्सप्रेस और एक जन साधारण ट्रेन का संचालन होना है। इस रूट पर हर वर्ग की क्षमता के अनुसार ट्रेन उपलब्ध हैं। अगर कम किराए में अयोध्या जाना है तो भटनी-अयोध्या पैसेंजर उपलब्ध है। इससे केवल 35 रुपये में आप अयोध्या जा सकते हैं।
विस्तार
श्रीरामनगरी अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोरक्षनगरी से भी एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गणतंत्र दिवस के बाद इस ट्रेन की समय सारिणी घोषित होने की संभावना है। अयोध्या के लिए इसके अलावा तीन ट्रेनें पहले से ही चल रही हैं। एक आस्था स्पेशल बिहार की तरफ से भी गोरखपुर होकर अयोध्या जाएगी। इस तरह अगले महीने से अयोध्या के लिए हर दिन पांच ट्रेनें उपलब्ध होंगी।
अयोध्या उत्तर भारत में आस्था का प्रमुख केंद्र है, लेकिन विवाद के चलते यहां धार्मिक पर्यटन कम ही होता था। जब से यहां श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है, लोगों का आवागमन बढ़ा है। गोरखपुर से वंदेभारत और अमृत भारत ट्रेन अयोध्या होकर जाती है। इसके अलावा भटनी-अयोध्या मेमू ट्रेन का भी नियमित संचालन होता है।
अब श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हर जोन से आस्था स्पेशल चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में गोरखपुर से भी एक ट्रेन अयोध्या के लिए चलाई जाएगी। शुरुआत में इसे एक माह के लिए ही चलाया जाएगा। इसके बाद भीड़ को ध्यान में रखकर इसे आगे चलाने पर निर्णय होगा। अभी संभावना है कि आस्था स्पेशल में 20 कोच होंगे। इसमें साधारण, स्लीपर व एसी कोच भी लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी की तरफ से शाकाहारी नाश्ते व भोजन का भी प्रबंध रहेगा।
इसे भी पढ़ें: महंत अवेद्यनाथ की गिरफ्तार पर भड़के थे नागा साधु, तीर-धनुष के साथ पहुंचे थे मंदिर
न्यूनतम 35 और अधिकतम 1215 रुपये है किराया
गोरखपुर से अयोध्या तक दो सुपरफास्ट, दो एक्सप्रेस और एक जन साधारण ट्रेन का संचालन होना है। इस रूट पर हर वर्ग की क्षमता के अनुसार ट्रेन उपलब्ध हैं। अगर कम किराए में अयोध्या जाना है तो भटनी-अयोध्या पैसेंजर उपलब्ध है। इससे केवल 35 रुपये में आप अयोध्या जा सकते हैं। आने-जाने का कुल किराया सिर्फ 70 रुपये लगेंगे। अगर थाेड़ा और खर्च करना चाहते हैं तो अमृत भारत एक्सप्रेस उपलब्ध है, जिसमें न्यूनतम 65 रुपये खर्च कर जनरल टिकट और 165 रुपये देकर स्लीपर क्लास का टिकट ले सकते हैं।
इस तरह इस ट्रेन के जनरल क्लास में 130 रुपये और स्लीपर क्लास में 230 रुपये में आना-जाना हो जाएगा। इसके अलावा अगर आरामदायक सफर करना चाहते हैं तो वंदे भारत है, जिसमें चेयर कार श्रेणी में एक तरफ से 665 रुपये टिकट है। जबकि इकानॉमी क्लास के लिए 1215 रुपये का टिकट है।
इसे भी पढ़ें: दुग्धेश्वरनाथ मंदिर से महंत अवेद्यनाथ ने फूंका था रामजन्म भूमि आंदोलन का बिगुल
25 के बाद बढ़ जाएगी गोरखपुर की ट्रेनों में भीड़
सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के बाद अगले तीन दिन तक अयोध्या में संघ और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को बुलाया गया है। इसके बाद 26 जनवरी से आम लोग दर्शन-पूजन कर सकेंगे। इसे देखते हुए लोग अभी से ट्रेनों का टिकट बुक कराने लगे हैं। अमृतभारत ट्रेन की सभी सीटें पूरे जनवरी फुल हैं, जबकि वंदेभारत में भी 200 से कम ही सीटें बची हैं। आस्था स्पेशल ट्रेनों का अभी शिड्यूल जारी नहीं हुआ है। जैसे ही शिड्यूल जारी होगा, बुकिंग शुरू हो जाएगी।