ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर
कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने जलवे बिखेरती नजर आएंगी। कान्स
फिल्म फेस्टिवल 17 मई से 28 मई तक फ्रेंच रिवेरा में शुरू होगा। बता दें कि इस बार कान्स फिल्म फेस्टिवल अपनी 70वीं सालगिरह मना रहा है।
जबकि लॉरियाल अपने ऑफिशियल मेकअप ब्रैंड के तौर पर अपनी 20वीं सालगिरह मनाने वाला है। ब्यूटी क्वीन ऐश्वर्या राय बच्चन हर साल फ्रेंच रिवेरा के रेड कार्पेट पर लॉरियाल पेरिस की ब्रैंड एंबेस्डर के तौर पर शिरकत करती हैं। आइए जानते हैं आखिर कब से रेड कार्पेट पर ऐश्वर्या राय बच्चन अपने हुस्न के जलवे बिखेरती नजर आ रही हैं।
ऐश्वर्या ने 2002 में कान्स के रेड कार्पेट पर डेब्यू किया था उस वक्त वो शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली के साथ इस फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए गईं थीं।इस मौके पर ऐश्वर्या ने नीता लुल्ला की डिजाइन की हुई पीले रंग की साड़ी पहनी थी। इस साड़ी में ऐश्वर्या बेहद सूबसूरत लग रही थी। उनके इस पारंपरिक रूप को हर किसी ने उस समय बहुत सराहा था। इस घटना को याद करते हुए हाल ही में ऐश्वर्या ने कहा था, 'हमनें वो फेस्टिवल सिर्फ एक्टर्स नहीं बल्कि भारतीय सिनेमा के प्रतिनिधित्व बन कर अटेंड किया था। फिल्म को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था जिसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगी।'
साल 2003 में ऐश्वर्या कान्स के रेड कार्पेट के लिए जूरी सदस्य के रूप में चुनी गई। लेकिन इस बार उन्हें अपनी ड्रेस के लिए काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने इस बार नीता लुल्ला की डिजाइन की हुई हरे रंग की साड़ी पहनी हुई थी। जिसे आज भी ऐश का रेड कार्पेट के लिए सबसे बुरे लुक के रूप में याद किया जाता है।
साल 2003 की आलोचनाओं को देखने के बाद ऐश्वर्या ने तीसरी बार कान्स के रेड कार्पेट के लिए अपने देसी लुक की जगह बोल्ड लुक को अपनाना ज्यादा अच्छा समझा। साल 2004 में ऐश्वर्या पहली बार लॉरियल पेरिस के लिए रेड कार्पेट पर चल रही थी। उन्होंने इस बार भी नीता लुल्ला का डिजाइन किया हुआ गाउन पहना हुआ था। हालांकि साल 2003 की ही तरह उन्हें अपने इस सफेद गाउन के लिए भी काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
रेड कार्पेट में लगातार तीन बार असफल होने के बाद साल 2005 में ऐश्वर्या लोगों के दिलों पर राज करने में सफल हो गई। इस बार वो ज्योर्जियो अरमानी की डिजाइन की हुई एक प्रिंटिड ड्रेस में नजर आई। जबकि रेड कार्पेट पर दूसरी बार आने के लिए उन्होंने गुच्ची का काले रंग का डीप नेक गाउन चुना।