Fact Check: 1975 वियतनाम युद्ध से एयरलिफ्ट किए गए नवजात बच्चों की तस्वीर एपस्टीन फाइल्स से जोड़कर हो रही शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जा रही है। तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि नवजात बच्चों को एपस्टीन को बेचा जा रहा है। हमारी पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में एक आदमी छोटे-छोटे बच्चों को अलग-अलग बक्सों में रखता हुआ नजर आ रहा है। इस तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि यह 1999 के तुर्की भूकंप के दौरान किडनैप किए गए बच्चे हैं। इन बच्चों को चोरी करके जेफरी एपस्टीन के लिए भेजा गया था। उसने हर बच्चे के बदले 300 डालर दिए थे।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि ये दावे पूरी तरह से झूठे हैं। यह तस्वीर 1975 की है और इसमें एक अमेरिकी कर्मचारी वियतनामी बच्चों को अलग-अलग ट्रांसपोर्ट बॉक्स में रखते हुए और उन्हें विमान में चढ़ाने से पहले उनकी सीट बेल्ट लगाते हुए दिख रहा है।
क्या है दावा
नवजात बच्चों को बक्से में रखने की तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि इन बच्चों को 1999 में जेफरी एपस्टीन को बेचा गया था।
S (@Shirink_13) नाम के एक एक्स यूजर ने इस तस्वीर को शेयर करके लिखा, "एपस्टीन के कन्फेसर का दावा है कि 1999 के भूकंप के दौरान तुर्की से लड़कियों को किडनैप किया गया था और कहा कि हर किडनैप किए गए बच्चे के लिए $300 दिए गए थे। अब इस दुनिया के खत्म होने का समय आ गया है।" पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें अमेरिका की रक्षा खुफिया एजेंसी पर यह तस्वीर 2014 में पोस्ट मिली। रिपोर्ट में तस्वीर के साथ बताया गया था कि 1975 में साउथ वियतनाम के लड़ाई के दौरान, राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड ने नॉर्थ वियतनाम के बड़े हमले के सामने साइगॉन से वियतनामी अनाथ बच्चों को निकालने का आदेश दिया। इस मिशन को ऑपरेशन बेबीलिफ्ट नाम दिया गया, जो 4 अप्रैल, 1975 को शुरू हुआ और पूरे महीने में 3,000 से ज़्यादा अनाथ बच्चों को निकाला गया।
आगे बेबी लिफ्ट कीवर्ड के सर्च करने पर हमें एक और मीडिया रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में वायरल तस्वीर मौजूद थी। रिपोर्ट में बताया गया था 3 अप्रैल 1975 को, जब वियतनाम युद्ध समाप्त होने वाला था, अमेरिकी राष्ट्रपति जेराल्ड फोर्ड ने घोषणा की कि सभी अनाथ वियतनामी बच्चों को तुरंत साइगॉन से हवाई मार्ग से निकाला जाना चाहिए। इस योजना को "ऑपरेशन बेबीलिफ्ट" नाम दिया गया। अमेरिका ने दावा किया कि वियतनाम से निकाले गए अधिकांश बच्चे अनाथ थे, जिन्होंने संभवतः युद्ध में अपने माता-पिता को खो दिया था, या जिन्हें छोड़ दिया गया था, या जो युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिकों और वियतनामी महिलाओं के बच्चे थे।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि तस्वीर 1999 की नहीं बल्कि 1975 में वियतनाम से बच्चों को एयरलिफ्ट किए जाने के दौरान की है।