Fact Check: बेटे की शादी और पिता के गुस्से के प्रैंक वीडियो को सच बताकर किया जा रहा शेयर, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक पिता द्वारा अपने नवविवाहित बेटे और बहू को घर में घुसने से रोक रहा है। दावा किया जा रहा है कि बेटे में बिना बताए कोर्ट मैरिज कर ली है। हमारी पड़ताल में यह वीडियो स्क्रिप्टेड निकला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में एक पिता अपने बेटे को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में बेटा एक लड़की के साथ शादी करके घर आया, उसके साथ एक वकील भी नजर आ रहा है, जो हाथ में कोई पेपर लिए खड़ा हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि नवविवाहित जोड़ा जब घर के दरवाजे पर पहुंचता है, वैसे ही लड़के के पिता अपने बेटे को पीटने लगते हैं। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है बेटे ने परिवार की अनुमति के बिना, एक वकील की मदद से कोर्ट मैरिज कर ली है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में यह सामने आया कि यह वीडियो स्क्रिप्टेड है, जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से यूट्यूब पर अपलोड किया गया है। कंटेंट क्रिएटर "YoutubeWale" द्वारा एक स्क्रिप्टेड प्रैंक वीडियो बनाया गया था। वीडियो को 2019 में यूट्यूब पर अपलोड किया गया था।
क्या है दावा?
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि एक बेटा कोर्ट मैरिज करके घर पहुंचा और उसके पिता ने उसे बुरी तरह पीटा। वीडियो को असली घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है।
Mr Tiwari (@MrTiwaria) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करके लिखा, “मां-बाप के भी कुछ सपने है, समाज है, अरमान है और सम्मान है। लेकिन आजकल कुछ युवा अपने मन की ही करते है जिसके कारण मां-बाप आहत होते है इस वीडियो में पिता ने सही किया या गलत ये आप लोग बताएं।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो youtubewale नाम के एक यूट्यूब चैनल पर देखने को मिला। इस वीडियो को चैनल पर 23 मार्च 2019 को शेयर किया गया था। यहां 10 मिनट 17 सेकंड का पूरा वीडियो मौजूद था। इस वीडियो में बताया गया था कि यह एक प्रैंक वीडियो है। यानी केवल मजाक के उद्देश्य से बनाया गया है। इस चैनल को सर्च करने पर हमें चैनल पर कई प्रैंक वीडियो और ट्रैवल व्लॉग मिले। वीडियो के शुरू होने के पहले कुछ लोग प्रैंक का पूरा ब्योरा देते हुए भी दिख रहे हैं। वीडियो में सब चीज नकली तरीके के तैयार की गई है। इसकी जानकारी भी वीडियो में दिखाई गई है। वीडियो में आशुतोष नाम के लड़के ने अपने पिता पर यह प्रैंक किया गया था।
आगे हमें इसी यूट्यूब चैनल पर पर कई और वीडियो भी मिले जिसमें दूल्हा बना हुआ किरदार मौजूद था। इससे यह पता चला कि वीडियो में दिख रहे दूल्हा-दुल्हन केवल स्क्रिप्टेड वीडियो के किरदार हैं।
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो स्क्रिप्टेड है इसमें किसी भी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। वीडियो को असली बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।