R G Kar Case: 'आर जी कर' मामले पर बंगाल के कलाकारों ने उठाया बड़ा कदम, राजकीय सम्मान लौटाने का किया एलान
प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में अपना विरोध दर्ज कराते हुए पश्चिम बंगाल की तीन प्रमुख हस्तियों ने राज्य सरकार की ओर से दिए गए सम्मान को लौटाने का फैसला किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आरजी कर अस्पताल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में लोग लगातार पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। फिल्मी दुनिया से ताल्लुक रखने वाले कई सितारों ने अब तक इस मामले पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। लगातार चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच पश्चिम बंगाल की तीन प्रमुख रंगमंच और फिल्मी हस्तियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए राज्य सरकार की ओर से उन्हें दिए गए सम्मान लौटाने की घोषणा की है।
Amar Kaushik Interview: बहराइच में मिली ‘भेड़िया 2’ की कहानी, जानिए कब रिलीज होने जा रही श्रद्धा की ‘स्त्री 3’
सुदीप्ता ने पुरस्कार लौटाने का किया एलान
‘बारीवाली’ जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म के अभिनेता सुदीप्ता चक्रवर्ती, रंगमंच कलाकार बिप्लब बंद्योपाध्याय और अभिनेता चंदन सेन ने मंगलवार को पुरस्कार लौटाने का एलान कर दिया। सुदीप्ता को ममता बनर्जी सरकार ने साल 2013 में विशेष फिल्म पुरस्कार दिया था। सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सचिव को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, "राज्य की वर्तमान स्थिति और हमारे एक सम्मानित विधायक कंचन मलिक की तरफ से 1 सितंबर को की गई संबंधित टिप्पणियों को ध्यान में रखते हुए मैं अपना प्रमाण पत्र और मुझे दिया गया सम्मान लौटाना चाहती हूं। मैं सड़क पर खड़ी होकर कानूनी और सामाजिक न्याय की अपनी मांग जारी रखना चाहती हूं।" उन्होंने पत्र में आगे लिखा, "मुझे प्रमाण पत्र के साथ 25,000 रुपये की राशि भी दी गई थी। कृपया मुझे वह तरीका बताएं जिससे मैं राशि वापस कर सकूं। आपकी सकारात्मक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।"
बिप्लब बंद्योपाध्याय ने कही यह बात
इससे पहले, बंगाली रंगमंच के कलाकार बिप्लब बंद्योपाध्याय ने एलान किया था कि वह पश्चिमबंग नाट्य अकादमी की ओर से इस साल की शुरुआत में उन्हें दिए गए पुरस्कार और 30,000 रुपये की मौद्रिक अनुदान राशि को वापस करने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में राज्य सरकार और पुलिस तथ्यों को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आर जी कर घटना के बाद वह राज्य द्वारा स्थापित कोई भी पुरस्कार नहीं रख सकते।
चंदन सेन भी लौटाएंगे पुरस्कार
आर जी कर मामले से निपटने के राज्य के तरीके पर सवाल खड़ा करते हुए अभिनेता चंदन सेन ने यह भी घोषणा की कि वह नाट्य अकादमी द्वारा स्थापित 'दीनबंधु मित्र पुरस्कार' लौटा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के सचिव को मेल भेजकर पुरस्कार राशि लौटाने की इच्छा व्यक्त की है।"
9 अगस्त का है मामला
गौरतलब है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार रूम में ऑन-ड्यूटी पोस्ट-ग्रेजुएट प्रशिक्षु महिला डॉक्टर का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.