बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: 'जेलर 2' ने पहले ही दिन जड़ा शतक, 'दृश्यम 3' की कमाई को लगा झटका, कैसी रही 'हनुमान अंश'?
Box Office Collection: फिल्म 'जेलर 2' 15 अक्तूबर को सिनेमाघरों में लगी। रजनीकांत की इस फिल्म ने बंपर ओपनिंग ली है। देश ही नहीं, दुनियाभर में फिल्म का दर्शकों ने खुली बाहों से स्वागत किया। इसके आने से 'दृश्यम 3' पर क्या असर पड़ा? जानिए
विस्तार
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' का दर्शकों की बीच जबर्दस्त क्रेज देखा गया। कल यह फिल्म आई तो बॉक्स ऑफिस पर भी छा गई। इसने शानदार कलेक्शन जुटाया। इसके आने से अजय देवगन अभिनीत 'दृश्यम 3' पर असर पड़ता दिखा है। वहीं, 'हनुमान अंश' की कमाई कितनी रही? जानिए
'जेलर 2' की शुरुआत कैसी रही?
रजनीकांत, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, राम्या कृष्णनन, सूरज वेंजारामूडु और योगी बाबू जैसे सितारों से सजी फिल्म 'जेलर 2' ने बंपर ओपनिंग ली। इस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये के पार कमाई कर डाली।
- कल 15 अक्तूबर को ओपनिंग डे पर फिल्म ने भारत में 59.70 करोड़ रुपये की कमाई की।
- वहीं, विदेशों में भी इस फिल्म ने खूब नोट छापे।
- सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 125.25 करोड़ रुपये है।
- भारत में इसने 50 करोड़ रुपये से ऊपर कमाई कर डाली तो वहीं, वर्ल्डवाइड पहले ही दिन 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बन गई।
'दृश्यम 3' की कमाई कितनी रही?
अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत अभिनीत फिल्म 'दृश्यम 3' ने शानदार कलेक्शन किया है। 02 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में लगी इस फिल्म की कमाई पर 'जेलर 2' के बाद असर पड़ा है। बुधवार को इस फिल्म ने 5.25 करोड़ रुपये कमाए थे। वही, कल गुरुवार को 14वें दिन इसने 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 333 करोड़ रुपये हो चुका है।
वर्ल्डवाइड कितना रहा 'दृश्यम 3' का हाल
फिल्म 'दृश्यम 3' ने जहां भारत में 300 करोड़ क्लब में हिस्सा लिया है, वहीं वर्ल्डवाइड यह 500 करोड़ी बन गई है। इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 515.05 करोड़ रुपये हो चुका है। अजय देवगन की यह लोकप्रिय फ्रैंजाइजी की फिल्म है। यह इसका आखिरी पार्ट है।
'हनुमान अंश' का कलेक्शन
बेहद कम बजट की फिल्म 'हनुमान अंश' दो महीने बाद भी सिनेमाघरों में टिकी है और बड़े-बड़े सितारों की फिल्म के आगे टिकी है, यह अपने आप में बड़ी बात है। हालांकि, 'जेलर 2' की रिलीज के बाद इसकी कमाई को भी झटका लगा है। बुधवार को 69वें दिन इस फिल्म ने 1.25 करोड़ रुपये कमाए थे। कल गुरुवार को 70वें दिन फिल्म ने 65 लाख रुपये कमाए।