Shabir Ahluwalia: ‘उफ्फ ये लव है मुश्किल’ से पहले इन सीरियल्स में शब्बीर आए नजर, एक्शन फिल्माें में जमाया रंग
शब्बीर आहलूवालिया एक बार फिर छोटे पर्दे पर रोमांटिक ड्रामा सीरियल का हिस्सा बनने वाले हैं। पहले भी वह कई हिट टीवी सीरियल और फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। एक नजर शब्बीर के चर्चित सीरियल और फिल्मों पर।
विस्तार
लगभग 25 साल से शब्बीर आहलूवालिया टीवी सीरियल्स में नजर आ रहे हैं। रोमांटिक हीरो से लेकर विलेन तक के रोल शब्बीर ने किए हैं। जल्द ही वह सीरियल 'उफ्फ ये लव है मुश्किल' में नजर आएंगे। इस सीरियल की लव स्टोरी काफी हटकर है। शब्बीर के टीवी करियर की बात करें तो पहले भी वह कई सीरियल में नजर आ चुके हैं। जानिए, एक्टर के कुछ पॉपुलर टीवी सीरियल के बारे में।
हिप हिप हुर्रे
साल 1999 में सीरियल ‘हिप हिप हुर्रे’ से शब्बीर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इस सीरियल में वह पूरब नाम का किरदार निभाते दिखे। इस सीरियल के बाद वह कई टीवी सीरियल का हिस्सा बने और टीवी इंडस्ट्री में अपने लिए एक अलग पहचान बनाई।
कसौटी जिंदगी की
सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ साल 2001 में शुरु हुआ। इस सीरियल का हिस्सा शब्बीर साल 2006 में बने थे। सीरियल में उन्होंने ओमी का रोल निभाया, इस किरदार में शब्बीर को काफी सराहा गया। इस किरदार ने उन्हें टीवी पर स्टार भी बना दिया।
कयामत
साल 2007 में सीरियल ‘कयामत’ में शब्बीर लीड हीरो के रोल में दिखे। यह सीरियल एक रोमांटिक ड्रामा था। इस सीरियल में पंछी बोरा और जयभानुशाली भी नजर आए।
कुमकुम भाग्य
साल 2014 में शुरू हुए सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ ने शब्बीर को टीवी का सबसे चर्चित एक्टर बना दिया। इस सीरियल में सृष्टि झा के साथ वह नजर आए। शब्बीर और सृष्टि ने सीरियल में प्रज्ञा और अभि के किरदार निभाए थे। प्रज्ञा और अभि की लव स्टोरी दर्शकों को काफी पसंद आई।
इन फिल्मों में आए नजर
शब्बीर आहलूवालिया सिर्फ टीवी सीरियल की दुनिया में भी जाना-माना नाम नहीं हैं। वह कई फिल्मों में भी डिफरेंट रोल निभा चुके हैं।
- साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में शब्बीर ने एक गैंगस्टर का रोल किया था। इस फिल्म को अपूर्व लाखिया ने निर्देशित किया था। फिल्म में लीड रोल में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, विवेक ओबेरॉय और सुनील शेट्टी के अलावा कई नामी एक्टर्स नजर आए।
- साल 2008 में भी शब्बीर ने एक फिल्म ‘मिशन इस्तांबुल’ की थी। इस फिल्म को भी अपूर्व लाखिया ने निर्देशित किया। इसमें शब्बीर ने एक नेगेटिव रोल किया था।
- इस साल शब्बीर आहलूवालिया ‘वॉर 2’ में भी नजर आएंगे। इस फिल्म में लीड रोल में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर हैं।