Ronit Roy: ‘चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान’ में नजर आएंगे रोनित, पहले भी इन सीरियल में निभाए मशहूर किरदार
रोनित रॉय टीवी से लेकर फिल्मों तक में अपने उम्दा अभिनय के लिए जाने जाते हैं। एक बार फिर से वह छोटे पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्मों में पूरी तरह से सक्रिय होने से पहले रोनित रॉय ने टीवी पर कई चर्चित सीरियल किए हैं। जानिए रोनित के कुछ मशहूर टीवी सीरियल के बारे में।
विस्तार
रोनित रॉय जल्द ही सीरियल ‘चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चाैहान’ में राजा सोमेश्वर चौहान की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। कुछ दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम पेज पर अभिनेता से इस सीरियल से जुड़ा एक प्रोमो साझा किया। रोनित रॉय पहले भी कई मशहूर टीवी सीरियल का हिस्सा रहे हैं, जानिए उन्हीं कुछ चर्चित टीवी सीरियल के बारे में।
कसौटी जिंदगी की
साल 2001 में सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ में श्वेता तिवारी ने प्रेरणा नाम की लड़की का रोल किया था, रोनित रॉय भी इस सीरियल में नजर आए। रोनित ने मिस्टर बजाज का किरदार निभाया। मिस्टर बजाज, प्रेरणा से बेइंतहा मोहब्बत करता था। दर्शकों को भी रोनित का यह किरदार काफी पसंद आया।
टीवी का सबसे चर्चित टीवी सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी(2000)’ में भी रोनित रॉय ने मिहिर का किरदार निभाया। पहले इस किरदार को अमर उपाध्याय ने निभाया था। सीरियल में तुलसी (स्मृति ईरानी) नाम की महिला और उसके गुजराती ससुराल की कहानी थी। रोनित ने तुलसी के पति मिहिर का रोल इस टीवी सीरियल में किया।
साल 2010 में रोनित रॉय ने एक कोर्टरूम ड्रामा सीरियल ‘अदालत’ किया। इसमें उन्होंने वकील के.डी पाठक का किरदार किया। सीरियल में रोनित के किरदार को दर्शकों ने काफी सराहा, यह सीरियल सास-बहू ड्रामा से बिल्कुल अलग था।
साल 2009 में रोनित रॉय ने एक सीरियल ‘बंदिनी’ किया। इसमें अभिनेता ने धर्मराज शक्ति सिंह का किरदार निभाया, जिसकी शादी अपने से आधी उम्र की लड़की से हो जाती है। जिस जोड़े में एज गैप होता है, उनके बीच प्यार की कहानी कैसे बनती है? यही सीरियल की कहानी थी। सीरियल में हीरोइन का रोल आसिया काजी ने निभाया था।
2014 में सीरियल ‘इतना करो ना मुझे प्यार’ में रोनित रॉय और पल्लवी कुलकर्णी साथ नजर आए। इस सीरियल में नील और रागिनी की कहानी थी, जो किसी कारण से अलग हो गए, इनके बीच तलाक हो गया। सालों बाद ये मिलते हैं, तो इनके बीच फिर से एक प्रेम कहानी शुरू होती है।