लव मैरिज नहीं अब यहां होगी 'मुंह बोली शादी'?
मुंह बोला भाई या मुंह बोली बहन, यह तो आपने सुना होगा मगर क्या मुंह बोली शादी भी हो सकती है? सोनी एंटरटेनमेंट पर 23 फरवरी से इसी नाम से धारावाहिक शुरू होने जा रहा है।
यह सोमवार से गुरुवार तक रात को 8.30 बजे प्रसारित होगा। मुंह बोली शादी की कहानी उत्तर प्रदेश के बरेली में रहने वाले दो परिवारों की है। इन मध्यमवर्गीय परिवारों में रहने वाले 21 साल के निखिल तिवारी और 18 बरस की अनमोल रतन सिंह को प्यार हो जाता है।
निखिल हर बात बहुत योजना बना कर करता है, वहीं अनमोल हंसती-खिलखिलाती लड़की है। दोनों शादी करना चाहते हैं, मगर परिवारवाले राजी नहीं हैं। आखिर में दोनों इजाजत लिए बगैर शादी तो कर लेते हैं, लेकिन सबके सामने ऐसे रहते हैं मानो एक-दूसरे को जानते नहीं।
फहाद अली और जलक देसाई मुख्य भूमिका में हैं। शो गुरुवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। इस मौके पर सोनी एंटरटेनमेंट के चीफ क्रिएटिव डायरेक्टर अजय भालवंकर ने कहा कि मुंह बोली शादी आज के युवाओं के प्रेम और विवाह संबंधी नजरिये को खूबसूरती और कॉमिक ढंग से सामने लेकर आएगा।