Sonu Nigam: ‘मुझे भाषा और धर्म के नाम पर नफरत करने वालों से चिढ़’, कन्नड़ विवाद में दर्ज एफआईआर पर बोले सिंगर
Sonu Nigam Bangalore Concert Controversy: बेंगलुरु में अपने कॉन्सर्ट के दौरान हुए विवाद को लेकर सोनू निगम कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। अब अपने ऊपर दर्ज एफआईआर में सिंगर ने प्रतिक्रिया दी है। जानें सोनू निगम ने क्या कुछ कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉलीवुड के दिग्गज गायक सोनू निगम इन दिनों मुश्किलों में घिरे हुए हैं। कन्नड़ भाषा और संस्कृति का अपमान करने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ बेंगलुरु में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सोनू पर आरोप है कि अपने हालिया बेंगलुरु कॉन्सर्ट के दौरान एक युवक द्वारा कन्नड़ गाना गाने की मांग करने पर सिंगर ने इसे धमकी बताया था और इसे पहलगाम हमले से जोड़ दिया था। इसी मामले पर सोनू निगम पर एफआईआर दर्ज हुई है। अब इस एफआईआर पर सोनू निगम की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। जिसमें उन्होंने खुद के हर भाषा और संस्कृति का सम्मान करने की बात कही है।
‘मैं कोई लड़का नहीं, जो अपमान सहूं’
सोनू निगम की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “मैंने भाषा, संस्कृति, संगीत, संगीतकारों, राज्य और लोगों को अभूतपूर्व प्यार दिया है। वास्तव में मैंने अपने कन्नड़ गीतों को हिंदी सहित अन्य भाषाओं के गीतों से कहीं अधिक सम्मान दिया है। मेरे पास एक घंटे से अधिक के कन्नड़ गाने हैं, जो मैने कर्नाटक में होने वाले हर कॉन्सर्ट के लिए भी तैयार किए थे। हालांकि, मैं कोई जवान लड़का नहीं हूं जो किसी से अपमान सहूं। मैं 51 साल का हूं, अपने जीवन के दूसरे भाग में हूं और मुझे इस बात पर बुरा मानने का हक है कि मेरे बेटे जितनी छोटी उम्र का इंसान, मुझे हजारों लोगों के सामने भाषा के नाम पर सीधे धमका रहा है। वह भी कन्नड़ में, जो मेरे काम के मामले में मेरी दूसरी भाषा है। वो भी कॉन्सर्ट में मेरे पहले गाने के ही बाद।”
‘वो मुझे धमकी देने पर आमादा था’
अपने बयान में आगे उस घटना का जिक्र करते हुए सोनू निगम ने कहा, “उस व्यक्ति की इस हरकत पर उनके अपने लोग शर्मिंदा थे और उन्हें चुप रहने के लिए कह रहे थे। मैंने उनसे बहुत विनम्रता और प्यार से कहा कि शो अभी शुरू ही हुआ है, यह मेरा पहला गाना है और मैं उन्हें निराश नहीं करूंगा। लेकिन वो हंगामा मचाने और मुझे बेतहाशा धमकी देने पर आमादा थे। आप मुझे बताओ कि इसमें कौन दोषी है?”
यह खबर भी पढ़ें: बेंगलुरु कॉन्सर्ट विवाद पर सोनू निगम ने तोड़ी चुप्पी, वीडियो जारी ...
‘भाषा, जाति या धर्म के नाम पर नफरत करने वालों से मुझे घृणा है’
आगे अपनी सफाई में सिंगर ने कहा, “एक देशभक्त होने के नाते मैं उन सभी लोगों से नफरत करता हूं जो भाषा, जाति या धर्म के नाम पर नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, खासकर पहलगाम में जो कुछ हुआ उसके बाद। मुझे उन्हें समझाना था और मैंने ऐसा किया। हजारों छात्रों और शिक्षकों ने इसके लिए मेरी जय-जयकार की। मामला खत्म हो गया और मैंने एक घंटे से ज्यादा समय तक कन्नड़ गाया। यह सब सोशल मीडिया पर है।”
‘मैं हर तरह के कानूनी सहयोग को तैयार’
सोनू निगम ने आगे कहा, “मैं यह कर्नाटक के लोगों पर छोड़ता हूं कि वे तय करें कि यहां कौन दोषी है। मैं आपके फेसले को चुपचाप मानने को तैयार हूं। मैं कर्नाटक की कानून एजेंसियों और पुलिस का पूरा सम्मान करता हूं और उन पर भरोसा करता हूं। मुझसे जो भी सहायता मांगी जाएगी, मैं करने को तैयार हूं।”
यह खबर भी पढ़ें: Sonu Ngam: सोनू निगम के बेंगलुरु कॉन्सर्ट पर विवाद, कन्नड़ समुदाय नाराज, पुलिस में शिकाय
यह था मामला
सोनू निगम के बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में कॉन्सर्ट के दौरान यह घटना हुई थी। सोनू के युवक के कन्नड़ गाने की मांग को धमकी और पहलगाम से जोड़ने पर कन्नड़ समुदाय नाराज हो गए। प्रो-कन्नड़ संगठनों ने इसे उनकी भाषा और संस्कृति का अपमान करार देते हुए उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उनके खिलाफ शनिवार को बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई थी।