Mohit Suri: ‘सैयारा’ में लॉन्च हो रहे कश्मीर के दो नए संगीत कलाकार, मोहित बोले, पांच साल की मेहनत का नतीजा
Mohit Suri On Saiyaara: मोहित सूरी कहते हैं 'मैं चाहता था कि यह एक डेब्यू फिल्म के लिए बेहद ताजगी से भरा रोमांटिक अलबम हो। यह अलबम मेरे दिल के बहुत करीब है। हर एक गीत मेरे लिए बेहद खास है।'
विस्तार
यशराज फिल्म्स की अगले महीने रिलीज होने जा रही फिल्म ‘सैयारा’ का शीर्षक गाना मंगलवार को ऑन लाइन रिलीज हुआ तो लोगों न सिर्फ इसमें एक खनकती हुई नई आवाज सुनाई दी बल्कि इस गाने ने यशराज फिल्म्स की संगीत परंपरा में भी एक नया और जोशीला अध्याय जोड़ने की कोशिश की। मोहित सूरी की मानें तो वह पिछले पांच साल से इस फिल्म के गानों पर मेहनत करते रहे हैं।
यशराज फिल्म्स (YRF) द्वारा निर्मित और मोहित सूरी द्वारा निर्देशित 'सैयारा' इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म रही है। फिल्म के हीरो के तौर पर यशराज फिल्म्स एक नया चेहरा अहान पांडे उतार रहे हैं। अहान की बीते कई साल से जबर्दस्त ट्रेनिंग चलती रही है। मोहित सूरी को ये नया चेहरा हिंदी सिनेमा में लॉन्च करने की जिम्मेदारी कुछ साल पहले मिली थी। फिल्म की हीरोइन अवनीत पड्डा पहले भी कैमरे के सामने आ चुकी हैं। उनकी एंट्री इस फिल्म में सबसे आखिर में हुई।
फिल्म ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक मंगलवार को रिलीज किया और इस मौके पर मोहित सूरी ने खुलासा किया कि इस एलबम में वे गीत, विचार और धुनें हैं जिन्हें उन्होंने पिछले 5 वर्षों से बड़ी ही सावधानी से संजोया और तैयार किया है। वह कहते हैं, “मेरे कुछ ही करीबी दोस्तों को यह बात पता है कि मुझे नए कंपोजर्स, गायकों से मिलना और उनकी धुनों को इकट्ठा करना बहुत पसंद है। जैसे कुछ लोग किताबें इकट्ठा करते हैं, मैं गाने इकट्ठा करता रहता हूं। 'सैयारा' का एलबम मेरी वर्षों की मेहनत और संग्रह का नतीजा है।”
यह खबर भी पढ़ें: Saiyaara: ‘सैयारा’ का पहला गाना रिलीज, दिखी रोमांस और हार्टब्रेक की कहानी
मोहित सूरी कहते हैं कि इस फिल्म में वह दर्शकों को एक बेहद फ्रेश और आत्मा को छूने वाला एलबम देना चाहते थे। वह कहते हैं, “मैं चाहता था कि यह एक डेब्यू फिल्म के लिए बेहद ताजगी से भरा रोमांटिक अलबम हो। यह अलबम मेरे दिल के बहुत करीब है। हर एक गीत मेरे लिए बेहद खास है। हम अपने अभियान की शुरुआत ‘सैयारा’ के टाइटल ट्रैक से कर रहे हैं। इस गीत में इतना प्यार, तड़प और भावना है कि मैं इसे पहली बार सुनते ही पसंद करने लगा था।”
'सैयारा' के टाइटल ट्रैक के साथ दो प्रतिभाशाली कश्मीरी कलाकारों की भी हिंदी सिनेमा में एंट्री हो रही है। मोहित बताते हैं, “इस ट्रैक के माध्यम से हम फहीम अब्दुल्ला और अर्सलान निजामी को लॉन्च कर रहे हैं। ये दोनों दो बेहद टैलेंटेड कंपोजर और सिंगर है। टाइटल गाने को तनिष्क बागची ने कम्पोज किया है, जिनका मैं आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे फहीम और अर्सलान से मिलवाया। गाने के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं।”