Shweta Tripathi: नवाबों के शहर पहुंचीं 'मिर्जापुर' की गोलू; फैंस से पूछा- 'क्या खाना चाहिए'?
Shweta Tripathi at Lucknow: अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। नवाबों के शहर में पहुंचते ही उन्हें यहां के स्थानीय खाने का स्वाद चखने का मन हुआ और एक्ट्रेस ने इसके लिए सोशल मीडिया पर अपने फैंस से सलाह मांगी है।
विस्तार
वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में गोलू का रोल निभाने वाली अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी नवाबों के शहर लखनऊ पहुंची हैं। वे अमर उजाला के वैचारिक कार्यक्रम संवाद में शिरकत करने पहुंची हैं। अपने सोशल मीडिया पोस्ट से उन्होंने अपनी लखनऊ यात्रा की झलकियां साझा की हैं। राजधानी में पहुंचकर श्वेता के अंदर का घुमक्कड़ मानो जाग गया है। उन्होंने फैंस से लखनऊ में घूमने की कुछ अच्छी जगह के बारे में पूछा है। साथ ही वहां के स्वाद का जायका लेने के लिए भी अच्छे विकल्प पूछे हैं।
श्वेता त्रिपाठी बोलीं- 'क्या खाया जाए'?
श्वेता त्रिपाठी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर अपने लखनऊ पहुंचने का अपडेट साझा किया है। साथ ही सवाल किया है, 'बताओ क्या खाया जाए और कहां जाया जाए'? फैंस ने भी उन्हें खूब सुझाव दिए हैं। कुछ ने मशहूर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने के ठिकाने बताए हैं तो किसी ने घूमने की बेहतरीन जगह का नाम सुझाया है।

संवाद में इस विषय पर रखेंगी विचार
श्वेता त्रिपाठी अमर उजाला संवाद में शिरकत करेंगी। इस बार दो दिवसीय संवाद का आयोजन लखनऊ में हुआ है। श्वेता आज सोमवार को यहां 'नई सोच की नायिकाएं' विषय पर अपने विचार साझा करेंगी। बता दें कि संवाद कार्यक्रम 18 और 19 मई 2026 को लखनऊ स्थित 'द सेंट्रम' होटल में आयोजित किया गया है।

मिर्जापुर मूवी में नजर आएंगी श्वेता
बता दें कि श्वेता कई चर्चित फिल्मों में काम कर चुकी हैं। साल 2015 में आई फिल्म ‘मसान’ से श्वेता त्रिपाठी को लोकप्रियता मिली। इस फिल्म में उन्होंने विक्की कौशल की गर्लफ्रेंड का किरदार निभाया था। उनकी सादगी भरी एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स ने काफी पसंद किया। इसके बाद वह ‘हरामखोर’ जैसी फिल्मों में नजर आईं, जहां उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई। श्वेता को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ से मिली। इसमें उन्होंने गोलू गुप्ता का किरदार निभाया, जो दर्शकों के बीच बेहद पॉपुलर हुआ। सीरीज में उनके दमदार और अलग अंदाज ने उन्हें ओटीटी की बड़ी स्टार बना दिया। आने वाले समय में वे ‘मिर्जापुर मूवी’ में नजर आने वाली हैं।