1000 फीट गहरी खाई में गिरी कार, सड़क दुर्घटना में 25 साल के मराठी एक्टर महेश पवार का निधन
Marathi Actor Mahesh Pawar Passes Away: 25 साल के मराठी एक्टर महेश पवार का एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके साथ सात अन्य लोग भी मारे गए।
विस्तार
मराठी टीवी सीरियल 'अप्पी आमची कलेक्टर' फेम एक्टर महेश पवार का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हुआ। अभिनेता की कार 1000 फीट से ज्यादा गहरी खाई में गिर गई। पुलिस के मुताबिक सोमवार यह दुर्घटना हुई। अभिनेता महेश पवार के साथ सफर कर रहे सात अन्य लोग भी इस सड़क दुर्घटना में मारे गए।
तलाशी अभियान के बाद मिली दुर्घटना ग्रस्त कार
पीटीआई के अनुसार यह दुर्घटना मुंबई से लगभग 180 किलोमीटर दूर पोलादपुर महाबलेश्वर सड़क पर अंबेनाली घाट इलाके में हुई। सभी आठ लोग एक साथ सफर कर रहे थे, तभी पहाड़ी रास्ते पर उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की आखिरी लोकेशन पोलादपुर के पास एक मोबाइल टावर के जरिए ट्रेस की गई। सोमवार सुबह अंबेनाली घाट इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों ने खाई के काफी अंदर गाड़ी को देखा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता महेश पवार समेत सात लोगों की मौतों पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा गया है। सीएम ने कहा, ‘ये आठ दोस्त एक यात्रा पर थे, जब उनका वाहन लगभग गहरी खाई में गिर गया।’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि जिला प्रशासन ने तुरंत बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया और शवों को निकालने के लिए सात-सात सदस्यों वाली पांच टीमें गठित कीं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और स्वयंसेवी बचाव टीमों की मदद से बचाव कार्य जारी हैं।