India's Got Latent: न रणवीर, न अपूर्वा और समय, कोई नहीं पहुंचा बयान दर्ज कराने, महिला आयोग ने जारी की नई तारीख
India's Got Latent: यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में परिवार पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा व समय रैना सहित कई यूट्यूबर को महिला आयोग ने तलब किया था। लेकिन, कोई भी बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचा। आयोग ने नई तारीख जारी की है।
विस्तार
यूट्यूबर समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अपूर्वा मखीजा सहित अन्य यूट्यूबर्स को महिला आयोग ने तलब किया था। मगर, इनमें से कोई भी नहीं पहुंचा। महिला आयोग ने अब नई तारीख जारी की है। महिला आयोग ने रणवीर, समय और अपूर्वा के अलावा जसप्रीत सिंह, आशीष चंचलानी, तुषार पुजारी, सौरभ बोथरा और बलराज घई सहित कंटेंट क्रिएटर्स और पब्लिक फिगर्स को तलब किया था।
आज 17 फरवरी को होना था पेश
महिला आयोग ने सभी आरोपियों को 17 फरवरी, 2025 को दोपहर 12 बजे तक पेश होने के लिए बुलाया था। मगर, महिला आयोग के अधिकारियों के मुताबिक निजी सुरक्षा, पूर्व यात्रा प्रतिबद्धताओं और कुछ अन्य वजहों का हवाला देते हुए कई लोग व्यक्तिगत रूप से इसमें शामिल नहीं हुए।
सुरक्षा कारणों का दिया हवाला
रणवीर इलाहाबादिया ने जान से मारने की मिल रही धमकियों का हवाला देते हुए तीन सप्ताह की राहत मांगने का अनुरोध किया, जिसके बाद आयोग ने उनकी सुनवाई 6 मार्च, 2025 तक के लिए रिशेड्यूल की है। इसी तरह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मुखीजा ने भी सुरक्षा संबंधी चिंताएं बताते हुए स्थिति स्थिर होने तक वर्चुअल रूप से उपस्थित होने का अनुरोध किया। महिला आयोग ने पूर्वा की सुनवाई भी 6 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी है।
इन दो आरोपियों ने जवाब तक नहीं दिया
समय रैना फिलहाल अमेरिका में हैं। उन्होंने एनसीडब्ल्यू को भेजे गए आवेदन में देश वापसी पर पेश होने का आश्वासन दिया, जिसके कारण उनकी सुनवाई 11 मार्च, 2025 को निर्धारित की गई। जसप्रीत सिंह पेरिस दौरे पर गए हैं, वे 10 मार्च तक लौटेंगे। उनकी सुनवाई भी 11 मार्च को निर्धारित की गई है। चंचलानी, जिनके वकील ने बीमारी का हवाला देते हुए उनकी ओर से पैरवी की। चंचलानी को 6 मार्च को सुनवाई के लिए बुलाया गया है। तुषार पुजारी और सौरभ बोथरा ने समन का कोई जवाब ही नहीं दिया है। इसकी एनसीडब्ल्यू ने निंदा की और 6 मार्च के लिए फिर से समन जारी किया। बलराज घई फिलहाल विदेश में हैं। उनकी जमानत याचिका पर 11 मार्च को सुनवाई की तारीख दी गई है।