'वो आए थे बारूद के संदूक लेके लेकिन टिक नहीं पाए', 26/11 हमले के शहीदों को अमिताभ बच्चन ने किया सलाम
Amitabh Bachchan Tribute to 26/11 Martyrs: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज में आतंक के खिलाफ देश के जज्बे को नमन किया है। 26/11 हमले के शहीदों को बिग बी ने वीडियो के जरिए श्रद्धांजलि दी।
विस्तार
अमिताभ बच्चन ने शहीदों को किया नमन
यह वीडियो ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स’ कार्यक्रम में गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शित किया गया, जहां 26/11 के शहीदों और पहलगाम हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में मौजूद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने इसे अपने सोशल मीडिया पर साझा किया और बताया कि किस तरह यह वीडियो वहां मौजूद सैकड़ों लोगों को झकझोर गया। उन्होंने लिखा कि यह प्रस्तुति दर्शकों को रोमांचित कर देने वाली थी और शहीदों के साहस को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि थी। वीडियो को री-पोस्ट करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा- उनकी याद में।
यह खबर भी पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर दौड़ते दिखे आमिर खान, परिवार ने साझा किया फनी वीडियो; जानिए क्या है पूरा मामला?
T 5577 - In remembrance .. 🙏🏼 https://t.co/e4QGplFjrw
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) November 26, 2025
वीडियो में क्या संदेश दे रहे अमिताभ?
वीडियो में अमिताभ बच्चन जिन पंक्तियों को स्वर देते नजर आते हैं, वो आतंकवाद की कायरता और देश की अडिग हिम्मत के बीच के संघर्ष को उभारती हैं। उनकी आवाज में गूंजता दृढ़ विश्वास यह संदेश देता है कि गोलियों और बारूद से कहीं बड़ा होता है नागरिकों का साहस और यही हिम्मत हर हमले के बाद भारत को फिर से खड़ा करती है। उन्होंने कहा, 'वो आए थे बारूद के संदूक लेके, पर हौंसलों की बंदूक के आगे टिक नहीं पाए। वो आए थे दहशत फैलाने, पर हिम्मत हमारी सह नहीं पाए।'
इस कार्यक्रम का हिस्सा बनीं अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने भी एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि असली नायक वो हैं, जो वर्दी पहनते हैं और इतिहास के पन्नों पर अमर हो जाते हैं। गेटवे ऑफ इंडिया पर हुआ यह आयोजन उनके बलिदान की याद को फिर से सबके सामने ले आया।
26/11 हमले में मुंबई ने अपने बहादुर पुलिसकर्मियों, एनएसजी कमांडोज और कई आम नागरिकों को खोया था। वही पहलगाम हमला भी देश के लिए गहरे घाव छोड़ गया था। इस वीडियो के माध्यम से इन सभी शहीदों को एक मंच पर याद किया गया- उनकी वीरता, उनका समर्पण और देश के लिए उनका अमूल्य योगदान।
‘