दुबई में पहली मुलाकात... गोवा में शादी; मोहब्बत से विवाह बंधन में बंधने तक ऐसा रहा मौनी और सूरज का रिश्ता
Mouni Roy-Suraj Nambiar: नागिन फेम मौनी रॉय और सूरज नांबियार की लव स्टोरी अब कथित अलगाव की खबरों को लेकर सुर्खियों में है। दोनों के अलग होने की अटकलों के बीच जानिए, इनकी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई थी?
विस्तार
मौनी रॉय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पति सूरज नांबियार के साथ उनकी शादीशुदा जिंदगी उतार-चढ़ाव से गुजर रही है और दोनों अलग होने का फैसला ले रहे हैं। मौनी और सूरज की तरफ से अलगाव को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, मौनी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों से निजता का सम्मान करने की अपील जरूर की है।
कब हुई थी पहली मुलाकात?
मौनी रॉय और सूरज नांबियार की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में हुई थी, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। 27 जनवरी 2022 को दोनों ने बंगाली और मलयालम रीति-रिवाजों से शादी की थी। अब सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को हटाने और शादी की तस्वीरें डिलीट करने की खबरों के बाद अलगाव की अफवाहें तेज हो गई हैं।
दुबई में जुड़े दिलों के तार
मौनी रॉय और सूरज नांबियार की पहली मुलाकात दुबई में 2019 में हुई थी। इस मुलाकात ने दोनों के दिलों के तार जोड़ दिए और इस तरह इनकी मोहब्बत का सफर शुरू हो गया। दोनों ने एक-दूसरें को डेट करना शुरू कर दिया। कहते हैं न कि प्यार छिपता नहीं, ऐसा ही इस जोड़ी के साथ हुआ। जैसे-जैसे प्यार परवान चढ़ा, यह राज ज्यादा दिन छिप न सका। सोशल मीडिया पर इनकी वायरल रोमांटिक तस्वीरों के साथ ही इनके प्यार के चर्चे शुरू हो गए।
गोवा में थामा एक-दूजे का हाथ
कोविड में इनका प्यार और परवान चढ़ने लगा। फिर, गुजरते वक्त के साथ मौनी भी अपना ज्यादा वक्त दुबई में बिताने लगीं। बता दें कि सूरज नांबियार दुबई स्थित इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। दोनों ने अपने रिश्ते को और आगे बढ़ाने का फैसला लिया और बात शादी तक आ पहुंची। साल 2021 में इनकी शादी की चर्चा तेज हो गई। 27 जनवरी 2022 को मौनी और सूरज ने गोवा में शादी की। इनकी शादी बंगाली और मलयालम दोनों रीती-रिवाजों से संपन्न हुई। कई सेलेब्स भी यहां पहुंचे थे।
अलग होने की अटकलों पर मौनी ने क्या कहा?
शादी के चार साल बाद सूरज और मौनी के अलगाव की खबरों ने फैंस को चौंका दिया है। दोनों के अलग होने की खबरें तब सुर्खियों में आई, जब मंगलवार को मौनी रॉय और सूरज ने एक दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया। मौनी ने भी कथित तौर पर शादी की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा ली हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों पहले ही अलग हो चुके हैं और अब साथ नहीं रहते। फिलहाल सेपरेशन को लेकर दोनों ने चुप्पी साधी हुई है। हालांकि, मौनी ने लोगों से अपील की है कि वे उनकी निजता का सम्मान करें। इसे लेकर इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की है।