#Home: ओटीटी पर हिट मलयालम फिल्म का बनने जा रहा हिंदी रीमेक, बेटों के साथ जुड़ने की कोशिशों की कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ओटीटी आने का एक फायदा तो ये हुआ है कि विभिन्न भारतीय भाषाओं की फिल्में अब पूरे देश में एक जैसे चाव के साथ देखी जाने लगी हैं। आर माधवन की तमिल फिल्म ‘मारा’ के बाद मलयालम फिल्म ‘#होम’ को इन दिनों सोशल मीडिया पर हिंदी पट्टी में भी खूब तारीफें मिल रही हैं। और, इस तारीफ का ही असर है कि ये फिल्म अब हिंदी में बनने जा रही है। कथानक आधारित सिनेमा और वेब सीरीज पर शुरू से जोर देते रहे निर्माता विक्रम मल्होत्रा इस फिल्म को हिंदी में बनाने जा रहे हैं और इसके लिए फिल्म ‘#होम’ के निर्माता से करार साइन होने की जानकारी उन्होंने गुरुवार को सार्वजनिक कर दी।
फिल्म ‘#होम’ एक भावनात्मक कहानी है। इन दिनों तकरीबन हर घर में ही परिवारों के बीच एक डिजिटल बंटवारा दिखता है। बच्चे हर तकनीक में आगे हैं और उनकी पिछली पीढ़ी अभी सोशल मीडिया और मोबाइल की तमाम चीजों को किसी चुनौती से कम नहीं मानती है। ऐसे में एक पिता आज की डिजिटल दुनिया में अपने बच्चों के साथ फिर से जुड़ने का प्रयास करता है। सोशल मीडिया हमारे समाज में रिश्तों को कैसे प्रभावित करता है, इसी की एक अद्भुत बानगी है फिल्म ‘#होम’।
निर्माता विक्रम मल्होत्रा की विद्या बालन स्टारर फिल्में ‘शेरनी’ और ‘शकुंतला देवी’ अपनी कहानियों के लिए काफी चर्चित रही हैं। इससे पहले विक्रम ‘एयरलिफ्ट’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘शेफ’ और ‘नूर’ जैसी फिल्मों के अलावा वेब सीरीज ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इनटू द शैडो’ भी बना चुके हैं। निर्देशक सुरेश त्रिवेणी की निर्माणाधीन फिल्म 'जलसा' के अलावा वह फिल्म 'सूरराई पोटरु' के हिंदी रीमेक पर भी काम कर रहे हैं।
फिल्म ‘#होम’ के हिंदी रीमेक के बारे में विक्रम मल्होत्रा कहते हैं, 'फिल्म ‘#होम’ जैसी एक सुंदर और प्रासंगिक फिल्म को फिर से बनाने के अवसर से हम सब खुश हैं। हमने हमेशा सार्थक कहानी को दिल को छू लेने वाले मनोरंजन के साथ जोड़ने में विश्वास किया है और फिल्म ‘#होम’ का हिंदी रीमेक उस यात्रा का एक और कदम है।" वहीं मलयालम फिल्म ‘#होम’ के निर्माता विजय बाबू कहते हैं, "फिल्म ‘#होम’ रिश्तों के बारे में बात करती है और ये दिखाती है कि डिजिटल युग में वे कैसे विकसित हो रहे हैं। यह एक सार्वभौमिक विषय है और मैं वास्तव में उत्साहित हूं कि इस फिल्म को अब हिंदी रीमेक के माध्यम से व्यापक, अखिल भारतीय दर्शकों के लिए बनाया जाएगा।”