Tu Jhoothi Main Makkaar: 'झूठी' प्रेमिका 'मक्कार' प्रेमी, ट्रेलर में दिखी श्रद्धा-रणबीर की अनोखी लव स्टोरी
लव रंजन की इस फिल्म का दर्शकों को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। पहले कहा जा रहा था कि इस फिल्म का ट्रेलर पठान के साथ रिलीज किया जाएगा, लेकिन फिर मेकर्स ने प्लान बदल दिया और इसे पठान से पहले रिलीज करने का फैसला किया।
विस्तार
निर्देशक लव रंजन खुराना की बहुचर्चित फिल्म तू झूठी मैं मक्कार का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म के जरिए पहली बार श्रद्धा कपूर और रणबीर कपूर रोमांस करते नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म में काफी बोल्ड सीन भी नजर आने वाले हैं। फिलहाल इसका ट्रेलर शानदार है, जो फैंस को पसंद आ रहा है। जैसा नाम है वैसा ही फिल्म का ट्रेलर है। इसमें रणबीर झूठे प्रेमी और श्रद्धा मक्कार प्रेमिका की भूमिका में नजर आ रही हैं।
लव रंजन की इस फिल्म का दर्शकों को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। पहले कहा जा रहा था कि इस फिल्म का ट्रेलर पठान के साथ रिलीज किया जाएगा, लेकिन फिर मेकर्स ने प्लान बदल दिया और इसे पठान से पहले रिलीज करने का फैसला किया। तू झूठी मैं मक्कार के इस ट्रेलर में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की कैमिस्ट्री बेहद शानदार है, जिसे देखने के बाद आप यह कह नहीं सकते हैं कि ये दोनों कलाकार पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- Movie This Week: 'मौसम बिगड़ने वाला है', जनवरी के अंत में सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रहीं हैं ये 17 फिल्में
फिल्म की कहानी एक ऐसे जोड़े की है, जो प्यार तो करना चाहता है पर साथ रहना नहीं चाहता। ट्रेलर की शुरुआत में ही रणबीर कहते हैं, आजकल रिलेशनशिप में घुसना आसान है लेकिन उसमें से निकलना मुश्किल है। रिश्ता जोड़ना आसान है, तोड़ना मुश्किल, इसलिए झूठ बोलकर पकड़ाना नहीं है, बल्कि झूठ बोलकर उसमें सच मिलाना है। कुछ इसी तरह श्रद्धा भी सोचती हैं। वह भी रिलेशनशिप में आने से नहीं डरतीं, लेकिन उससे निकलने की मुश्किल है।
बता दें कि दर्शकों को भी यह ट्रेलर पसंद आ रहा है और फैंस भी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ट्रेलर में सबसे ज्यादा दर्शकों का ध्यान स्टैंड-अप किंग अनुभव सिंह बस्सी पर गया, जो फिल्म के साथ अपनी शुरुआत कर रहे हैं। ट्रेलर में भी बस्सी के मजाकिया अंदाज ने सभी को खूब गुदगुदाया है।