सनी देओल की तीन फिल्में बैक टू बैक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सनी देओल के चाहने वालों के लिए इससे अच्छी खबर क्या हो सकती है कि आने वाले महीनों में उन्हें सनी की एक के बाद एक तीन फिल्में देखने को मिलेंगी।
शुक्रवार को सनी की ‘सिंह साब द ग्रेट’ रिलीज हो रही है। निर्देशक अनिल शर्मा और सनी की साथ में चौथी फिल्म है। ‘गदरः एक प्रेमकथा’, ‘द हीरोः लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’, ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो’ में दोनों की जोड़ी कमाल कर चुकी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ‘सिंह साब द ग्रेट’ के बाद सनी की दो रुकी हुई फिल्मों की रिलीज की तैयारी भी चल रही है।
बताया जा रहा है कि 57 वर्षीय सनी की लंबे समय से अटकी फिल्म ‘आई लव न्यू ईयर’ को ‘सिंह साब द ग्रेट’ की रिलीज के बाद दो हफ्तों में बिना पूर्व घोषणा के कभी भी रिलीज किया जा सकता है।
फिल्म का निर्देशन राधिका राव और विनय सप्रू ने किया है। फिल्म की प्रोड्यूसर टी सिरीज कंपनी है और विवादों के कारण यह फिल्म बन कर डिब्बे में बंद है।
सूत्रों के अनुसार सनी के प्रमोशन के बगैर यह फिल्म सिनेमाघरों में आ सकती है। इसमें सनी के अपोजिट तनिष्ठा चटर्जी हैं। जबकि कंगना रनोट भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग अमेरिका में हुई है।
वहीं सनी की लंबे समय से रुकी एक और फिल्म ‘मोहल्ला अस्सी’ भी ‘सिंह साब द ग्रेट’ की रिलीज का इंतजार कर रही है। बताया जा रहा है कि निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी की यह फिल्म सनी और निर्माता के बीच विवाद के कारण लंबे समय से तैयार होने के बावजूद रिलीज नहीं हो सकी।
परंतु सूत्रों की मानें तो विवाद खत्म हो गया है और सनी की दो-एक दिन की डबिंग बाकी है। फिल्म में सनी के अपोजिट साक्षी तंवर हैं।
इनके अलावा एक एनिमेशन फिल्म भी सनी के नाम है, जो 25 दिसंबर को रिलीज होगी। पेन वीडियो कंपनी की इस फिल्म ‘महाभारत’ में भीम का किरदार सनी देओल के रूप और अंदाज में दिखेगा।
सनी भीम को आवाज भी देंगे। अगले साल सनी की ‘घायल रिटर्न्स’ की शूटिंग शुरू होने की खबरें भी सुर्खियों में हैं। वैसे सनी इसके बारे में फिलहाल बात नहीं करना चाहते।