बॉलीवुड फिल्मों का रीमेक कनेक्शन, कुछ ने एक्टर्स को बनाया सुपरहिट तो कुछ फिल्में हुईं बुरी तरह फ्लॉप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हम बात कर रहे हैं फिल्मों को दोबारा बनाने के बारे में, जिसे फिल्मी भाषा में रीमेक कहा जाता है। बॉलीवुड यानी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में रीमेक का इतिहास भी काफी पुराना है। पिछले एक दशक की अधिकांश बड़ी और हिट फिल्में किसी न किसी फिल्म का रीमेक रही हैं। चाहे सलमान खान की वांटेड हो या फिर आमिर खान की गजनी। रीमेक का यह दस्तूर आज भी जारी है। हालिया रिलीज फिल्म कबीर सिंह भी रीमेक है। इस साल कई रीमेक फिल्में रिलीज होने की कतार में खड़ी हैं।
साल 1967 में आई राम और श्याम तेलुगु फिल्म (Ramudu Bheemudu) 1964 की हिंदी रीमेक थी। फिल्म में दिलीप कुमार ने डबल रोल अदा किया था। इस फिल्म का निर्देशन तपि चाणक्या ने किया था। फिल्म की दो हीरोइनें थीं- वहीदा रहमान और मुमताज। कई फिल्मों में संजीदा रोल करने के बाद फिल्म 'राम और श्याम' में दिलीप कुमार ने कॉमेडी में भी अपने जौहर दिखाए थे।
रीमेक का सुपरहिट कनेक्शन
इंडस्ट्री में सुपरहिट का पर्याय बन चुके सलमान खान की ज्यादातर सफल फिल्में रीमेक ही हैं। सतीश कौशिक ने 2003 में सलमान खान को लेकर ‘तेरे नाम’ बनाई थी। यह तमिल भाषा में बनी फिल्म सेतु (1999) का रीमेक थी। पुरी जग्गनाध की लिखी व निर्देशित फिल्म पोकिरी एक तेलुगू एक्शन फिल्म थी, जिसका हिंदी रीमेक वॉन्टेड नाम से बनी। सलमान खान की सुपरहिट फिल्मों की लिस्ट में तेरे नाम, रेडी, बॉडीगार्ड, किक, वांटेड जैसी कई फिल्में शामिल हैं। ये सारी फिल्में तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा की ही रीमेक हैं। इसके अलावा कई एक्टर्स ऐसे रहे जिनकी फिल्में रीमेक के नाम पर ही चलती रही हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन और रणवीर सिंह स्टारर 'सिंबा' सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'टेम्पर' का रीमेक थी। सिंबा की कमाई के बारे में आपको बताने की जरूरत नहीं है। बात चाहे गजनी की हो या रानी मुखर्जी और विवेक ओबेरॉय अभिनीत फिल्म 'साथिया' की। हम ये कह सकते हैं कि हिंदी पट्टी के दर्शकों को रीमेक पसंद है।
हॉलीवुड का नाम सुनते ही परफेक्शन शब्द तुरंत ही आपके दिमाग में आ जाता होगा लेकिन कई बार हॉलीवुड की फिल्में बॉलीवुड के लिए सफलता का पर्याय नहीं बन पाईं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में कई फिल्में ऐसी भी हैं जो हॉलीवुड का रीमेक होते हुए भी फ्लॉप साबित हुईं। फिल्म 'स्लीपिंग विद द एनिमी' की कहानी पर सबसे पहले माधुरी दीक्षित की फिल्म 1995 में 'याराना' आई और फिर आई जूही चावला की 1996 की फिल्म 'दरार'। 'याराना' और 'दरार', दोनों फिल्में फ्लॉप हुईं। खजाने की खोज की कहानी है ग्रेगरी पेक की 'मैकेनाज गोल्ड' जो आई 1969 में। इस कहानी से प्रेरित बहुत सी फिल्में बनीं। भारत में इस पर पहले आई 1988 की धर्मेन्द्र और शत्रुघ्न सिन्हा की 'जलजला' फिर 1992 में जूही चावला और आमिर खान की फिल्म 'दौलत की जंग'। दोनों फिल्में फ्लॉप हुईं
एक नजर उन फिल्मों पर जिनके दम पर एक्टर्स बने सुपरस्टार
सलमान खान: सलमान खान की साल 2009 में आई एक्शन क्राइम थ्रिलर 'वांटेड' तमिल फिल्म 'पोकिरी' की रीमेक थी। इस फिल्म ने कमाई के लिहाज से बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े। फिर बारी आई आमिर खान की।
आमिर खान: आमिर की फिल्म 'गजनी' भी इसी नाम से साल 2005 में तमिल में आई फिल्म की रीमेक थी। यह दोनों फिल्में एआर मुरुगदास ने बनाई थी। हालांकि साउथ की रीमेक का आइडिया मुरुगदास को हॉलीवुड फिल्म 'मोमेंटो' को देखकर आया था।
अक्षय कुमार: प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित फिल्म 'भूल भुलैया' साल 2007 रिलीज हुई थी। अक्षय कुमार की यह फिल्म साल 1993 में आई मलयालम फिल्म 'मनिचित्रताजहु' की रीमेक थी। 2004 में इसे कन्नड़ भाषा में भी रीमेक बनाया गया। 2005 में इसका तमिल वर्जन आया। इसमें रजनीकांत ने मुख्य भूमिका निभाई थी। अक्षय एक बार फिर रीमेक में नजर आए। फिल्म थी राउडी राठौर। अक्षय की हीरोइन थीं सोनाक्षी सिन्हा। 'राउडी राठौर' एस एस राजामौली (बाहुबली के निर्देशक) की निर्देशित फिल्म 'विक्रमारकुडु' की रीमेक थी।
अभिषेक बच्चन: अभिषेक के पूरे करियर में अगर किसी फिल्म को याद किया जाता है तो वो है 'युवा'। युवा' भी तमिल फिल्म 'आयेथा इज्हुथु' की रीमेक थी।
अजय देवगन: अगर अजय देवगन साल 2010 में आई तमिल फिल्म 'सिंघम' के रीमेक में नजर नहीं आते तो शायद आज बॉलीवुड उन्हें 'सिंघम' के नाम से नहीं जानता। साल 2011 में आई फिल्म सिंघम बॉक्स ऑफिस में सुपरहिट साबित हुई थी। हिंदी वर्जन के सिंघम में अजय देवगन और काजल अग्रवाल मुख्य भूमिका में थे।
आने वाली रीमेक फिल्मों पर एक नजर
आने वाले दिनों में रीमेक फिल्मों की झड़ी लगने वाली है। इसकी शुरुआत कल से ही हो चुकी है। ब्लॉकबस्टर तेलुगू फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की हिंदी रीमेक कबीर सिंह से शाहिद कपूर ने परदे पर दमदार वापसी की है। इसके अवाला सुनील शेट्टी के बेटे अहान अपना फिल्मी डेब्यू ही तेलुगू फिल्म 'आर.एक्स 100' के रीमेक से करने जा रहे हैं। इसके बाद नाम आता है अक्षय कुमार का। अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'लक्ष्मी बम' साल 2011 में आई तमिल फिल्म 'मुनी 2: कांचणा' की हिंदी रीमेक है। यह एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। एक डरपोक लड़के की कहानी है जिसके अंदर एक ट्रांसजेंडर की आत्मा घुस गई है।