क्या सेक्स शब्द से उत्तेजित हो जाते हैं लोग?
श्वेता बासु प्रसाद को हैदराबाद के एक होटल से सेक्स रैकेट के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। कईयों ने इसे बॉलीवुड की सच्चाई करार दिया और एक मीडिया संस्थान ने तो बकायदे श्वेता का कूबूलनामा भी छाप दिया कि पैसों की तंगी चलते वो ऐसा कर रही हैं। श्वेता ने मीडिया को लिखे एक खुले खत में इन बातों पर नाराजगी जाहिर की।
इसका खंडन करते हुए उन्होंने बताया, “मुझे नहीं मालूम कि कब उन्होनें मुझे ये कहते सुना। मैं भी एक मीडिया स्टूडेंट हूं और ये कॉमन सेंस है कि जब किसी व्यकित को हिरासत में ले लिया जाता है तो उसे किसी से बात करने की इजाज़त नहीं होती। मेरे नाम से छापी गई ये खबर सरासर झूठ थी।”
श्वेता ने मीडिया से नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा, “जहां किसी खबर में ‘सेक्स’ शब्द का प्रयोग हो जाता है हम लोग उत्तेजित हो जाते हैं और फिर ये सोचे बिना की खबर में कितनी सच्चाई है हम बस खबर को चला देते हैं।”
श्वेता ने बताया कि जिस होटल में पुलिस ने छापा मारा था वो उस होटल में किसी आयोजन के लिए आई थी और झूठी खबर पर उन्हें हिरासत में लिया गया, बाद में वो कोर्ट से बाइज्जत बरी भी हुई।
परिवार को झेलनी पड़ी मुश्किलें
जब श्वेता की गिरफ्तारी हुई तो उनके मां बाप भी अवाक रह गए लेकिन उन्होनें उनका साथ दिया। श्वेता इसपर कहती हैं, “मेरी मां ने मुझसे कहा था कि गलती है तो माफी मांगो वर्ना आखिर तक लड़ो, हम लड़े और केस जीते लेकिन वो मीडिया ने नहीं दिखाया। मीडिया ने दिखाए मेरे पकड़े जाने की खबर ये सोचे बिना कि मेरे परिवार पर इसका क्या असर होगा।”
साल 2005 में फिल्म इकबाल करने के बाद श्वेता फिल्म स्क्रीन से गायब हो गईं। वो इस बीच कहां रहीं, ये पूछे जाने पर वो कहती हैं कि “मैंने अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए ब्रेक लिया था। मेरे मां बाप चाहते थे कि मैं पढ़ाई को नजरअंदाज न करूं। हां, मैंने कुछ तेलगु और तमिल फिल्मों में काम किया लेकिन फिर पढ़ाई ही कर रही थी।”
आजकल श्वेता शास्त्रीय संगीत के उपर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण कर रही हैं जिसका नाम है ‘रूट्स’है। इसके अलावा वो अनुराग कश्यप के साथ उनके बैनर ‘फैंटम’ के लिए स्क्रिप्ट राईटर के तौर पर जुड़ी हैं।
क्या श्वेता को विवादों से मिला काम?
श्वेता प्रसाद को जिस एक चीज से जूझना पड़ा वो था इस विवाद से निकलने के बाद का समय। श्वेता के मुताबिक लोग उनका समर्थन तो कर रहे थे लेकिन साथ ही इसे पब्लिसिटी स्टंट भी मान रहे थे, “ये बात सच है कि विवाद के बाद आपके पास काम आता है। लेकिन मुझे ये तरीका सरासर गलत लगता है। मुझे आजतक काम मेरी एक्टिंग के लिए मिला है और मैं कभी भी काम को कंटोवर्सी से नहीं पाना चाहती।”
बिग बॉस में बुलावे को लेकर वो कहती है, “ये तरीका गलत है कि किसी कंट्रोवर्सी में आने से आपको किसी शो में जाने का मौका मिल जाता है। मैं वैसे भी बिग बॉस के घर में नहीं जा सकती क्योंकि मैं बेहद शांत रहने वाली इंसान हूं और लोग शायद मुझे वहां पसंद न करें।”
श्वेता ने अब अतीत को पीछे छोड़ आगे करियर बनाने का मन बना लिया है। वो जानती हैं इस कंट्रोवर्सी का दाग उनके साथ रहेगा लेकिन चांद भी तो बेदाग नहीं।