तनुश्री दत्ता ने जब से नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाया है राखी सावंत उनके पीछे पड़ गई हैं। राखी सावंत ने नाना पाटेकर की वकालत करते हुए तनुश्री को अपशब्द तक कह डाले। फिर क्या था तनुश्री ने भी राखी सावंत पर 10 करोड़ का मानहानि का मुकदमा ठोक दिया। दरअसल राखी ने कहा था, 'तनुश्री ड्रग एडिक्ट हैं, 10 साल पहले, उस झगड़े वाले दिन भी तनुश्री 'हार्न ओके प्लीज' की शूटिंग छोड़ कर अपनी वैनिटी वैन में ड्रग लेकर बेहोश पड़ी थीं।
इसके बाद राखी सावंत ने तनुश्री को धमकी देते हुए कहा था कि वह उनपर 50 करोड़ का मुकदमा ठोकेंगी। लेकिन अब खबर आ रही है कि राखी सावंत ने तनुश्री दत्ता को मानहानि का नोटिस भेजते हुए उसके एवज में 25 पैसे की मांग की है। बता दें राखी सावंत के बयान के जवाब में तनुश्री ने उन्हें पब्लिसिटी का भूखा और लोवर क्लास बताया था।
राखी सावंत ने दिंडोशी कोर्ट में तनुश्री दत्ता के खिलाफ 25 पैसे का मानहानि का केस किया है। राखी का कहना है कि वो इसके बाद तनुश्री के खिलाफ क्रिमिनल डिफेमेशन का केस भी करेंगी। बता दें नाना पाटेकर का सपोर्ट करते हुए राखी सावंत पहले ही तनुश्री को खूब खरी खोटी सुना चुकी हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राखी ने कहा था -10 साल पहले मैं तनुश्री के साथ कई पार्टी में गई हूं। मुझे वह 2 से 3 बार रेव पार्टी में लेकर गई थी। उन पार्टियों में वह मेरे सामने डोप करती थी, तनुश्री के चक्कर में मैंने भी ड्रग्स लिया था। बाद में मैंने उससे दोस्ती तोड़ दी वरना आज मैं नशा मुक्ति केंद्र में होती।
इतना ही नहीं हाल में में राखी द्वारा दिए गए बयान की भी काफी आलोचना की जा रही है। एक इंटरव्यू में राखी ने कहा था- मैं अब प्रभु में हूं। मैं अब शारीरिक संबंध भी नहीं बनाती। मैं अब सीधा शादी ही करूंगी। मेरा शरीर अब मंदिर के समान है। इसलिए मुझे इसे साफ रखना है। मेरे अंदर भगवान वास करते हैं। मैं अब खुद को बदल चुकी हूं। भगवान में लीन हो चुकी हूं।
इस बीच तनुश्री और नाना पाटेकर का मुद्दा मीडिया से होता हुआ पुलिस तक पहुंच चुका है। नाना पाटेकर ने तनुश्री दत्ता को लीगल नोटिस भेजा है वहीं तनुश्री ने भी नाना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। तनुश्री दत्ता द्वारा दी गई गवाहों की लिस्ट से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।