Bangla Actress Death: पल्लबी डे का लिव-इन पार्टनर शाग्निक चक्रवर्ती गिरफ्तार, फंदे से लटका मिला था एक्ट्रेस का शव
इस घटना के बाद मकान की केयरटेकर ने बताया था कि साग्निग ने ही पल्लबी के शव को फंदे से लटकते हुए सबसे पहले देखा था। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई थी।
विस्तार
बांग्ला टीवी सीरियल्स की मशहूर एक्ट्रेस पल्लबी डे सुसाइड केस में नया अपडेट सामने आया है। कोलकाता पुलिस ने एक्ट्रेस के लिव-इन पार्टनर साग्निक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है। सुसाइड के बाद पल्लवी के घरवालों ने साग्निक और उसकी साथी एंड्रिला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक्ट्रेस के लिव-इन पार्टनर से लंबी पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि पल्लवी डे का शव सोमवार को उनके किराए के मकान में पंखे से लटका मिला था। एक्ट्रेस को तुरंत बांगुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मकान की केयरटेकर के मुताबिक एक्ट्रेस को फंदे से लटका हुआ सबसे पहले साग्निक ने ही देखा था। उसने ही उन्हें घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पल्लबी के शव को नीचे उतार कर पुलिस को सूचित किया गया था।
साग्निक के मुताबिक एक्ट्रेस अवसाद से ग्रसित थीं। साग्निक ने दावा किया कि लंबे समय से उन्हें काम नहीं मिल रहा था इस वजह से वह डिप्रेशन का शिकार हो गई थीं। हालांकि परिवार ने इन बातों से इनकार कर दिया है। परिवार ने आरोप लगाया कि साग्निक पहले से ही शादीशुदा है। उसने यह बात छिपाकर रखी थी। उसके कई महिलाओं के साथ संबंध भी थे। जब पल्लबी को इस बात का पता चला तो वह बर्दाश्त नहीं कर सकी और यह कदम उठा लिया। परिवार ने दावा किया कि साग्निक की नजर पल्लवी के पैसों पर थी। दोनों की 15 लाख की ज्वाइंट एफडी के बारे में भी पता चला है। फिलहाल पुलिस एक्ट्रेस और साग्निक के फोन को कब्जे में लेकर मौत की असली वजह जानने की कोशिश में जुटी हुई है।