Janhit Mein Jaari: बेहद बोल्ड अंदाज में नुसरत भरूचा ने 'जनहित में जारी' किया वीडियो, ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा इन दिनों अपनी फिल्म जनहित में जारी को लेकर चर्चा में हैं। वह इस फिल्म का जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। 10 जून को रिलीज होने वाली इस फिल्म में उन्होंने एक कंडोम बेचने वाली लड़की की भूमिका निभाई है, जिसके लिए उनको ट्रोल होना पड़ रहा है। ट्रोल्स से परेशान होकर उनको जवाब देने के लिए नुसरत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए नुसरत ने लिखा- #जनहित में जारी। उन्होंने कहा- कुछ दिन पहले मैंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी फिल्म के दो पोस्टर शेयर किए थे।
नुसरत भरूचा ने कहा- इस फिल्म में मैं कंडोम का प्रचार करती दिख रही हूं, लेकिन मेरी इस बात को लोगों ने दूसरे तरीके से लिया। आम तौर पर तो लोग अपनी प्रोफाइल से अच्छे कमेंट्स ही शेयर करते हैं, लेकिन कल से मुझे जो भद्दे कमेंट्स मिल रहे हैं तो इसके लिए मैंने सोचा उन कमेंट्स को आपके साथ शेयर करूं। इसके बाद वह स्क्रीन पर अभद्र कमेंट्स को दिखाने का सिलसिला शुरू करती हैं। इसके बाद नुसरत ने कहा, 'बस यही सोच तो बदलनी है। कोई बात नहीं आप उंगली उठाइए और मैं आवाज उठाउंगी।'
View this post on Instagram
इस वीडियो को शेयर करने के बाद बहुत से यूजर्स ने नुसरत के पक्ष में कमेंट किया। एक शख्स ने लिखा- 'आपको और हर महिला को और अधिक पावर की जरुरत है।' वहीं दूसरे ने कहा- 'इन लोगों के नाम मत छिपाओ...क्योंकि आजकल अनपढ़ भी इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन कंडोम का इस्तेमाल नहीं करेंगे...जैसा दिमाग होगा वैसा ही काम करेंगे।' एक और शख्स ने नुसरत का पक्ष लेते हुए कहा- 'इस दुनिया में बहुत सारे पागल लोग हैं और आपने उनके कमेंट्स को सामने लाकर सही काम किया। आपको उनके नाम नहीं हटाने चाहिए थे।'
नुसरत के एक और फैन ने कहा, 'ऐसे विषय पर फिल्म बनाने और बिना किसी शर्म के इसका प्रचार करने के लिए साहस की जरूरत होती है। इसके लिए आपको और अधिक पावर की जरुरत है।' बता दें कि इससे पहले नुसरत ने फिल्म का पोस्टर शेयर किया था और लिखा था, शर्म तो बदतमीजी से आनी चाहिए, सुरक्षा रखने से नहीं...ये सूचना है जनहित में जारी।