Mallika Sherawat: मल्लिका ने बताया इंडस्ट्री का काला सच, बोलीं- हीरो की एक आवाज पर दौड़ना पड़ता है, नहीं तो...
अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने पिछले महीने रिलीज हुई फिल्म 'आरके/आरके' से बॉलीवुड में कमबैक किया है। हाल ही में एक मीडिया बातचीत के दौरान वह फिल्म इंडस्ट्री के बारे में चर्चा करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने कई हैरान कर देने वाली बातें कही हैं।
विस्तार
फिल्म 'मर्डर' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने इंडस्ट्री में शुरू से ही अपनी पहचान एक बोल्ड एक्ट्रेस के रूप में बनाई। इसके बाद वह 'द मिथ', 'हिस्स', 'पॉलिटिक्स ऑफ लव' जैसी तमाम फिल्मों में नजर आईं। फिर अचानक वह फिल्म इंडस्ट्री से गायब हो गईं। मल्लिका अब एक बार फिर फिल्मी दुनिया में लौटी हैं। वह पिछले महीने रिलीज हुई फिल्म 'आरके/आरके' में नजर आईं। एक बार फिर मल्लिका शेरावत चर्चा में हैं। हालांकि, वह किसी बोल्ड सीन की वजह से नहीं, बल्कि अपनी बोल्ड बयानबाजी को लेकर चर्चा में हैं।
'समझौते' को नहीं हुईं तैयार
मल्लिका शेरावत हाल ही में एक मीडिया बातचीत के दौरान फिल्म इंडस्ट्री की चमकीली दुनिया के पीछे की हकीकत से पर्दा उठाती नजर आई हैं। उनका कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में एक हीरोइन को अभिनेता कंट्रोल करते हैं। इस दौरान एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि जो हीरोइनें इन एक्टर्स की बातें मानती हैं, उन्हें वे पसंद करते हैं। बातचीत के दौरान मल्लिका ने कहा, 'यहां यह बेहद साधारण चीज है। वे सिर्फ उन अदाकाराओं को पसंद करते हैं, जिन्हें वो कंट्रोल कर सकते हैं और जो उनके साथ समझौता करने को राजी होती हैं।। मैं उनमें से नहीं हूं। मेरा ऐसा व्यक्तित्व नहीं है।'
हाथ से निकल जाएगी फिल्म!
बातचीत के दौरान जब मल्लिका से 'समझौता' का मतलब पूछा गया तो उन्होंने साफ-साफ कहा, ' कुछ भी। वह कहेंगे बैठो, खड़ी हो जाओ। इतना ही नहीं, अगर हीरो आपको सुबह के तीन बजे कॉल करके घर बुलाता है तो आपको जाना होगा। अगर आप उस सर्कल में हैं और वे फिल्म कर रहे हैं। अगर आप नहीं जाते तो फिल्म से बाहर हो सकते हैं।'
पहले भी कर चुकी हैं बात
मल्लिका ने यह भी कहा कि उनके साथ सभी ए लिस्टर एक्टर्स ने काम करने से इनकार कर दिया, क्योंकि वह समझौता करने को तैयार नहीं थीं। इस दौरान मल्लिका ने यह भी कहा कि उन्होंने इंडस्ट्री में अब तक जितना काम किया है, वह उससे खुश हैं और संतुष्ट हैं। बता दें कि मल्लिका इससे पहले भी कई बार कास्टिंग काउच पर बात कर चुकी हैं।