Delhi Crime Season 2: ‘दिल्ली क्राइम’ के दूसरे सीजन में फिर फेरबदल, बाहुबली सीरीज के बाद एक और शो लटका
- दिल्ली क्राइम को 48वें एमी पुरस्कार से किया गया था सम्मानित
- कलाकारों के मुताबिक दूसरे सीजन की शूटिंग हो चुकी है पूरी
- फैंस बेसब्री से कर रहे हैं दूसरे सीजन का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विदेशी ओटीटी नेटफ्लिक्स के भारत में पैर जमाने की कोशिशों के समानांतर ही इसके कार्यक्रमों का स्तर लगातार गिरते जाने की सूचनाएं भी इसके अमेरिकी कार्यालय पहुंच रही हैं। नेटफ्लिक्स की भारतीय मनोरंजन सामग्री को लेकर लगातार हो रही आलोचना को देखते हुए कंपनी के आला अधिकारियों ने तमाम प्रस्तावित भारतीय फिल्मों व वेब सीरीज का फिर से आंकलन शुरू कर दिया है और सूत्र बताते हैं कि इसी के चलते इसकी एमी अवार्ड विजेता सीरीज ’दिल्ली क्राइम’ के दूसरे सीजन की रिलीज में विलंब हो रहा है।
वेब सीरीज ’दिल्ली क्राइम’ नेटफ्लिक्स के लिए भारत में अपने पैर जमाने का बड़ी कोशिश रही है। दिल्ली के निर्भया कांड की तफ्तीश में शामिल पुलिस अफसरों की मेहनत को दर्शाती इस सीरीज की देश विदेश में काफी तारीफें हुईं। 48वें एमी पुरस्कारों में इसे बेस्ट ड्रामा सीरीज का पुरस्कार भी मिला। लेकिन, लोगों को ये बात खटक रही है कि आखिर जिस सीरीज का पहला सीजन 2019 की पहली तिमाही में प्रसारित हो चुका है, उसके दूसरे सीजन में इतनी देरी क्यों?
वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ के दूसरे सीजन की शूटिंग इसके कलाकारों के मुताबिक पूरी हो चुकी है। फिल्म का काफी सारा काम पिछले साल कोरोना संक्रमण काल शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया था। उम्मीद की जा रही थी कि पिछले साल अनलॉक के बाद इसका बचा खुचा काम भी खत्म हो जाएगा और इसका प्रसारण इस साल के शुरू में हो जाएगा। लेकिन, इस दरम्यान नेटफ्लिक्स के मुंबई दफ्तर में घमासान मचा रहा है। कंपनी के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों एक के बाद एक वहां से रवानगी होती रही है। ‘बाहुबली’ सीरीज की फिल्मों की पूर्वकथा (प्रीक्वेल) के तौर पर बन रही सीरीज भी इसी उठापटक का शिकार हुई और इस पूरी सीरीज को फिर से बनाने का फैसला किया गया।
ऐसा ही हाल अब ‘दिल्ली क्राइम’ के दूसरे सीजन का होता दिख रहा है। सूत्र बताते हैं कि नेटफ्लिक्स की क्रिएटिव टीम ने इस सीरीज में तमाम सारे संशोधन नए सिरे से सुझाए हैं। कुछ नए लेखकों को दूसरे सीजन की कहानी की मरम्मत के लिए लगाया गया है और इसी के चलते इसका प्रसारण स्थगित किया गया है। इस बारे में नेटफ्लिक्स की तरफ से तो कुछ नहीं कहा जा रहा लेकिन एक वेब सीरीज के पहले सीजन के प्रसारण के बाद उसके अगले सीजन का प्रसारण शूटिंग हो जाने के बाद भी न होना तमाम तरह के कयासों को मौका दे रहा है। नेटफ्लिक्स ने हाल ही में कंपनी छोड़ने वाले अधिकारियों के स्वीकृत किए गए कुछ और कार्यक्रमों व फिल्मों की भी फिर से स्क्रूटनी शुरू कर दी है।