झूठा दावा: 'सुशांत की तरह मोहित रैना भी करेंगे आत्महत्या', अभिनेता ने सारा शर्मा सहित चार लोगों के खिलाफ की FIR
- मोहित रैना ने हाल ही में अभिनेत्री सारा शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
- ये सभी लोग मिलकर मोहित के खिलाफ दावा कर रहे थे कि मोहित की जान को खतरा है।
- मोहित ने सीरियल 'देवों के देव महादेव' से घर-घर में अपनी पहचान बनाई है।
- फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' में भी मोहित नजर आ चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीवी सीरियल 'देवों के देव महादेव' से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता मोहित रैना इस समय सुर्खियों में बने हुए हैं। दरअसल, मोहित ने हाल ही में अभिनेत्री सारा शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई है। ये सभी लोग मिलकर मोहित के खिलाफ दावा कर रहे थे कि मोहित की जान को खतरा है। वैसे तो सारा शर्मा खुद को मोहित रैना की शुभचिंतक बताती हैं और उन्होंने ही सोशल मीडिया पर ‘मोहित बचाओ’ कैंपेन शुरू किया था।
क्या है मामला?
सारा शर्मा ने अपने साथियों परवीन शर्मा, आशिव शर्मा और मितिलेश तिवारी के साथ मिलकर मोहित रैना को लेकर सोशल मीडिया पर 'मोहित बचाओ' अभियान चला रहे थे। इन सभी के अनुसार मोहित की जान को खतरा था। इस अभियान में इन लोगों को कहना है कि सुशांत सिंह राजपूत की तरह ही मोहित रैना की भी मौत हो सकती है। लेकिन इन सभी दावों का खंडन करते हुए मोहित और उनका परिवार अब सामने आया है और उन्होंने बताया है कि मोहित बिल्कुल ठीक हैं और यह सभी मात्र अफवाहें हैं। साथ ही लोगों और मोहित के फैंस से अपील की है कि इन सभी बातों पर ध्यान ना दें।
इस घटना के बाद मोहित बोरीवली कोर्ट पहुंचे और कोर्ट के आदेश के बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक गोरेगांव पुलिस ने मोहित का जवाब रिकॉर्ड कर सारा शर्मा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, पुलिस को झूठी सूचना देने, धमकी देने और फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया है।
मोहित रैना ने इस मामले पर अपना एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है। मोहित ने कहा कि, 'मैं इस बात की पुष्टि करता हूं कि मैं कानूनी दांव-पेंचों के बीच फंसा हुआ हूं। इस मामले में मैंने एक FIR दर्ज करवा दी है। हालांकि इस समय बॉम्बे हाई कोर्ट के सामने मामला होने की वजह से मैं इसकी डिटेल नहीं दे सकता हूं। मैं आप सभी के समर्थन और धैर्य के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।'
गौरतलब है कि मोहित रैना ने 2005 में ‘मेहर’ से अभिनय में डेब्यू किया था। उन्हें टीवी सीरियल ‘देवों के देव महादेव’ से लोकप्रियता मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ में राजा अशोक का किरदार निभाया। मोहित ने दीया मिर्जा के साथ वेब सीरीज ‘काफिर’ के साथ डिजिटल डेब्यू किया था। वहीं सारा शर्मा ने ज्यादातर तेलुगू फिल्में की हैं।