भाग मिल्खा भाग : फिल्म देखकर फरहान अख्तर से नाराज हुए थे नसीरुद्दीन शाह, कसा था तंज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाग मिल्खा भाग भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन और यादगार फिल्मों में से एक है। मशहूर धावक मिल्खा सिंह की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म ने लाखों लोगों का दिल जीता। आज मिल्खा सिंह हमारे बीच नहीं रहें। उनके जाने से पूरे देश की आंखे नम हो गईं। हर कोई उन्हें अपने तरीके से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। साल 2013 में मिल्खा सिंह की जिंदगी पर आधारित फिल्म बनी थी 'भाग मिल्खा भाग'। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह की भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्होंने काफी मेहनत भी की थी। फरहान अख्तर की मेहनत देखकर मिल्खा सिंह ने भी उनकी सरहाना की और साथ ही उनके किरदार में किस तरह उन्हें ढलना है इसके लिए मिल्खा सिंह ने फरहान की काफी मदद भी की। जहां हर कोई ये फिल्म देखकर खुश था और फरहान के अभिनय की तारीफ कर रहा था तो वही फिल्म जगत के मशहूर कलाकार नसीरुद्दीन शाह ये फिल्म देखने के बाद फरहान अख्तर से नाराज हो गए थे।
नसीरुद्दीन शाह को नही पसंद आया था फरहान का अभिनय
अपनी मेहनत के लिए पूरे देश से वाहावाही लूटने वाले फरहान अख्तर को नसीरुद्दीन शाह की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। नसीरुद्दीन शाह को इस फिल्म में फरहान अख्तर का अभिनय पसंद नहीं आया था। नसीरुद्दीन शाह की मानें तो उन्हें ये फिल्म पूरी तरह से फर्जी लगी। उन्होंने कहा, 'ये फिल्मी पूरी तरह से फर्जी है। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि फरहान अख्तर ने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन मुझे लगता है कि सिर्फ बाल बढ़ाना और मांसपेशियां बना लेने से अभिनय नहीं होता। इसके अलावा नसीरुद्दीन शाह ने मशहूर धावक मिल्खा सिंह से भी कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा, 'फरहान को कम से कम मिल्खा सिंह जैसे दिखने की कोशिश करनी चाहिए थी। मुझे पता है कि मिल्खा सिंह उनके अभिनय से खुश हैं और उन्हें लगता है कि ये फिल्म उनकी जिंदगी पर आधारित है। लेकिन क्या उन्होंने ये सोचा कि वो ऐसे दिखते थे जैसे फरहान इस फिल्म में लग रहे हैं। क्या उनके पास 1960 के ओलंपिक की अपनी तस्वीर नहीं है।
मिल्खा सिंह को बहुत पसंद आई थी फिल्म
नसीरुद्दीन शाह को 'भाग मिल्खा भाग' भले ही पसंद न आई हो, लेकिन मिल्खा सिंह को अपनी जिंदगी पर आधारित ये फिल्म बहुत ही पसंद आई थी और उन्होंने फरहान अख्तर के अभिनय और शारीरिक मेहनत की जमकर सरहाना की थी। मिल्खा सिंह ने कहा था, 'मैं फरहान को स्क्रीन पर खुद के जैसे देखना चाहता था और वो बिलकुल मेरी तरह ही लग रहे थे। मैं इसका पूरा श्रेय फिल्म के निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा को देना चाहूंगा, जिन्होंने मेरे किरदार को निभाने के लिए फरहान अख्तर को चुना और उसमें मुझे देखा। फिल्म में फरहान का अभिनय बहुत ही उम्दा था। उन्होंने फिल्म के लिए जिस तरह से अनुशासन में रहकर खुद पर काम किया वह आसान बात नहीं है। इस फिल्म में सोनम कपूर और दिव्या दत्ता ने भी अहम भूमिका निभाई थी।
नम आंखो से पूरे देश ने दी मशहूर धावक मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि
18 जून को देर रात मिल्खा सिंह का निधन हो गया। पिछले कुछ समय से वह कोरोना से संक्रमित थे, लेकिन कुछ दिनों पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट्स नेगेटिव आई थी। परंतु अचानक से उनकी तबीयत नाजुक होने लगी जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर इस महान धावक ने अंतिम सांस ली। 91 साल की उम्र में मिल्खा सिंह ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। हम आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही उनकी पत्नी निर्मला सिंह का भी कोरोना की वजह से निधन हो गया था। उनकी उम्र 85 वर्ष थी। पूरे बॉलीवुड जगत और मिल्खा सिंह के प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।