नर्मदा नदी के मगरमच्छ ने मुश्किल में डाला रितिक रोशन को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
-पर्दे पर किसी जानवर को मारते दिखाना वन्य जीव संरक्षण कानूनों के तहत गलत है। ऐसे में इन दिनों जबलपुर में निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की फिल्म में शूट किए जा रहे विशाल मगरमच्छ और रितिक रोशन की लड़ाई के सीन ने विवाद पैदा कर दिया है। यहां एक मुद्दा स्थानीय लोगों की आस्था से भी जुड़ा है...
-रितिक रोशन इन दिनों मध्यप्रदेश के जबलपुर में निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म सिंधु घाटी सभ्यता के कालखंड की एक प्रेम कहानी है। लेकिन रितिक की यह फिल्म स्थानीय स्तर पर विवादों में उलझ गई है। फिल्म के एक दृश्य को लेकर विवाद पैदा हो गया है।
नर्मदा नदी में शूट किए जा रहे इस सीन में रितिक को मगरमच्छ का शिकार करते दिखाया जा रहा है। सीन है कि बेहद खूबसूरत प्राकृतिक स्थल भेड़ाघाट के जल प्रपात की तरफ से रितिक नौका में आ रहे हैं और धनुष बाण से नदी में तैरते हुए मगरमच्छ पर निशाना साध रहे हैं। मगरमच्छ उन पर हमला करने आ रहा है। इस सीन के फिल्मांकन में नकली खून नर्मदा में बहता दिखाया जा रहा है।
नर्मदा नदी में ऐसा सीन
सूत्रों के अनुसार इसी दृश्य के विस्तार में आगे किसी और स्थल पर रितिक और मगरमच्छ की लड़ाई शूट की जाएगी, जिसमें फिल्म का हीरो बाजी मारेगा। अंततः वह मारे गए मगरमच्छ को कंधे पर डाल कर विजेता की तरह अपने गांव में प्रवेश करता नजर आएगा। कई लोगों को यह दृश्य रास नहीं आ रहा है।
एक तरफ पर्यावरणविद इस दृश्य के विरुद्ध हैं वहीं कुछ इसे धार्मिक आस्था से भी जोड़ रहे हैं। नर्मदा नदी को मकरवाहिनी भी कहा जाता है यानी वह मगरमच्छ की सवारी करती हैं। ऐसे में नर्मदा नदी में ऐसा सीन शूट करना जिसमें मगरमच्छ को मारा जा रहा है, लोगों की धार्मिक भावनाओं को विरुद्ध बताया जा रहा है।
स्थानीय विधायक के एक रिश्तेदार ने पुलिस में रितिक रोशन और फिल्म की टीम द्वारा स्थानीय लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने की शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि यदि इस मामले पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह अदालत भी जा सकते हैं। शिकायत में कहा गया है कि पौराणिक काल से नर्मदा लोगों की आस्था के केंद्र में हैं और वेदों-पुराणों में उन्हें मकरवाहिनी कहा गया है। उनके वाहन को इस तरह से मारते दिखाना गलत है।
यह दृश्य गलत संदेश देता है
सूत्रों के अनुसार बिल्कुल असली दिखने वाले इस इलेक्ट्रॉनिक मगरमच्छ को खास तौर पर जापान में डिजायन कराया गया है। इसकी लंबाई 20 फीट और कीमत आठ करोड़ रुपये बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि सिंधु घाटी सभ्यता के समय की इस कहानी में नर्मदा को सिंधु नदी के रूप में दिखाया जा रहा है। पूरे विवाद पर फिलहाल आशुतोष गोवारिकर और उनकी टीम चुप है।
इस बीच रितिक रोशन को देखने के लिए जबलपुर में मची भगदड़ में एक बाइक सवार द्वारा टक्कर के बाद एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मृत्यु की भी खबर है। रितिक ने ट्विटर पर अपने प्रशंसकों से अपील की है वह उनकी कार का पीछा न करें। उल्लेखनीय है कि जबलपुर रितिक रोशन का ननिहाल है। अपने हिस्से की शूटिंग खत्म होने के बाद रितिक बुधवार सुबह जबलपुर से उड़ान भर कर मुंबई पहुंच गए।