ड्रग केस: एनसीबी के सामने पेश नहीं होंगे अर्जुन रामपाल, 21 दिसंबर तक के लिए मांगा समय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड ड्रग्स कनेक्शन केस में नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने अभिनेता अर्जुन रामपाल को आज यानी बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया था। एनसीबी ने अर्जुन रामपाल को समन जारी कर तलब किया था। इस पर अभिनेता ने 21 दिसंबर तक का वक्त मांगा है। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए कहा कि वे एनसीबी के सामने पेश नहीं हो पाएंगे। वे 22 दिसंबर को 11 बजे जांच के लिए उपस्थित हो जाएंगे।
बीते मंगलवार को एनसीबी ने अर्जुन रामपाल को समन किया था। इससे पहले भी नवंबर महीने में एनसीबी ने अर्जुन रामपाल और उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से कई घंटे पूछताछ की थी। एजेंसी ने अभिनेता के घर की तलाशी भी ली थी। उनके घर से लैपटॉप, मोबाइल फोन और टैबलेट जैसे उपकरणों को जब्त किया गया, जिसके बाद उन्हें एनसीबी के दफ्तर बुलाया गया था। तलाशी के दौरान अर्जुन के घर से कोई ड्रग्स तो नहीं मिला था लेकिन कई ऐसी दवाइयां मिलीं जो एनडीपीएस के तहत प्रतिबंधित हैं।
उस दौरान पूछताछ के बाद अर्जुन रामपाल ने मीडिया से कहा था कि 'ड्रग्स से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरे घर से कुछ दवाइयां मिली थीं, जिसकी प्रिसक्रिप्शन मैंने एनसीबी को दे दी है। मैं जांच में पूरी तरह से सहयोग कर रहा हूं। एनसीबी काफी अच्छा काम कर रही है।'
बता दें बॉलीवुड ड्रग्स कनेक्शन मामले में एनसीबी अब तक कई बॉलीवुड सितारों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अर्जुन रामपाल का नाम ड्रग्स कनेक्शन में तब सामने आया है, जब उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला के भाई को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 21 नवंबर को एनसीबी ने मुंबई में कॉमेडियन भारती सिंह के घर पर छापेमारी की थी। उनके घर से गांजा बरामद किया गया था। बाद में पूछताछ में भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया दोनों ने कबूला कि वे गांजे का सेवन करते रहे हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्हें मुंबई की स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट से जमानत मिल गई थी।