सोनभद्र की वर्तिका ने 'डांस प्लस' में दिया ऐसा परफॉर्मेंस, वरुण धवन के साथ मिल गई फिल्म
उत्तर प्रदेश में सोनभद्र की वर्तिका झा ने डांस रियलिटी शो डांस प्लस 4 में अपने झंडे गाड़ दिए हैं। वर्तिका के डांसिंग टैलेंट को सपोर्ट करते भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी भी इस शो की शूटिंग पर पहुंचे। ये एपिसोड इस रविवार को स्टार प्लस पर प्रसारित होगा। खास बात ये है कि वर्तिका को अपने डांस के बलबूते एक बड़ी फिल्म में काम भी मिल गया है।
शो की शूटिंग पर पहुंचे मनोज ने कहा, ‘वर्तिका के हुनर और एक छोटे से शहर से शो डांस प्लस तक की उनकी यात्रा ने उन्हें काफी प्रभावित किया है। उन्होंने वर्तिका को शो पर आकार सरप्राइज देने और इस प्रतिभाशाली लड़की को अपना सपोर्ट देने का फैसला किया।’
उल्लेखनीय है कि वर्तिका को अपने इस हुनर को तराशने के लिए तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन इन कोशिशों में वर्तिका को हमेशा अपने पिता का साथ मिला। अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और दूसरे लोगों के तानों की परवाह न करते हुए भी वर्तिका के पिता ने अपनी बेटी को डांस सीखने के लिए भेजा और वह खुद ही अपनी बेटी को लेकर डांस प्लस के ऑडीशन में भी गए।
वर्तिका की नृत्य की इस लगन को देखते हुए शो के जज रेमो डिसूजा ने वर्तिका को अपनी अगली फिल्म एबीसीडी 3 में एक खास रोल भी दे दिया है जिसमें वह वरुण धवन के साथ नजर आएंगी।