The Inventor Challenge: सोनी के शार्क टैंक को टक्कर देगा कलर्स का यह शो? अहाना कुमरा करेंगी होस्ट
कलर्स इनफिनिटी का रियलिटी शो 'द इन्वेन्टर चैलेंज' 27 अगस्त से शुरू हो रहा है। एक्ट्रेस अहाना कुमरा इस शो को होस्ट करेंगी।
विस्तार
कलर्स इनफिनिटी का शानदार रियलिटी शो 'द इन्वेन्टर चैलेंज' आखिरकार शुरू हो रहा है। यह शो 27 अगस्त को ऑनएयर होगा और यह बड़े-बड़े आइडियाज का मंच बनने वाला है। इसमें दर्शकों को देश के सबसे शानदार आविष्कारकों से मिलवाया जाएगा। यह शो इन्वेंटर्स को एक मंच प्रदान करेगा, जिसके जरिए वह अपने आइडिया और नई खोज को पेश कर सकेंगे। उन्हें मौका मिलेगा कि अपने आइडिया पर काम करने से पहले वे इसका प्रोटोटाइप यहां पेश कर सकेंगे। असल में यह शो कुछ-कुछ सोनी के शो 'शार्क टैंक' से मिलता-जुलता है। देखना दिलचस्प होगा कि 'द इन्वेन्टर चैलेंज' सोनी के 'शार्क टैंक' को टक्कर दे पाएगा!
इन्वेंटर्स को गाइड करेंगे पैनलिस्ट
बता दें कि शो में इन्वेंटर्स के आइडिया पर चार पैनलिस्ट विचार करेंगे। एक पर्सनल केयर ब्रांड के सह-संस्थापक ध्रुव मधोक और ध्रुव भसीन, सोशल डिजाइन प्रैक्टिशनर और डिजाइन थिंकर सरोवर जैदी, इन्फ्लुएंसर, टीवी होस्ट और उद्यमी मालिनी अग्रवाल शो में बतौर पैनलिस्ट जुड़ेंगे। अपनी जानकारी और अनुभव के साथ पैनलिस्ट इन्वेंटर्स को शो में आगे बढ़ने में मदद करेंगे और उन्हें गाइड करते नजर आएंगे।
शानदार इन्वेंटर्स का होगा चुनाव
पैनलिस्ट के अलावा शो में दो मेंटर्स भी होंगे। मेंटर्स के रूप में वैभव छाबड़ा और अनुपमा गौड़ा जुड़ेंगे। मेंटर्स की सलाह और सुझावों के तहत इन्वेंटर्स के आइडिया पर काम किया जाएगा। यह पैनलिस्ट ही तमाम प्रतिभाओं से बात करने के बाद कुछ शानदार इन्वेंटर्स को चुनेंगे, जिनके साथ यह शो आगे बढ़ेगा। यह शो 27 अगस्त को कलर्स इनफिनिटी लॉन्च हो रहा है। साथ ही इसे इन्वेंटर चैलेंज के यूट्यूब चैनल पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।
कंज्यूमर्स के सामने आएंगे आइडिया
इसके बाद मेंटर्स एक लाइव लैब लोकेशन में शीर्ष दो इन्वेंटर्स के आइडिया पर काम करने में मदद करेंगे। आखिर में इन दोनों आइडिया को हकीकत में पेश किया जाएगा, जो विभिन्न कंज्यूमर फोकस ग्रुप के सामने पेश किया जाएगा। 'लिपस्टिक अंडर माई बुरखा' फेम एक्ट्रेस अहाना कुमरा इस शो को होस्ट करेंगी।