Vineet Kumar Singh: 'छावा' की शूटिंग से पहले कवि कलश की समाधि पर गए थे विनीत, बताया किरदार में कैसे मिली मदद
अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि वे छावा की शूटिंग से पहले संभाजी महाराज और कवि कलश के समाधि स्थल पर गए थे। उन्हें इस यात्रा पर अपने किरदार को निभाने की प्रेरणा मिली थी।
विस्तार
विनीत ने पोस्ट में बताया कि इस फिल्म ने मेरे अंदर बहुत सारे बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि 'छावा' की शूटिंग से पहले वे तुलापुर गए थे। उन्होंने बताया कि यहां छत्रपति संभाजी महाराज का समाधि स्थल है और भगवान शिव के मंदिर का रास्ता इन स्थलों से होकर ही गुजरता है। इसी जगह पर कवि कलश का भी समाधि स्थल है।
विनीत कुमार ने बताया कि कवि कलश के भगवा समाधि स्थल पर मैंने बहुत समय बिताया। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। साथ ही मैं भगवान शिव के मंदिर भी गया। यहां संभाजी महाराज के समाधि स्थल पर भी काफी समय तक रुका रहा। मुझे इस स्थान पर आकर भारत के इतिहास और बलिदान के बारे में पता चला। बता दें कि तुलापुर महाराष्ट्र के पुणे के पास स्थित है।
विनीत ने अपनी पोस्ट पर बताया कि इस स्थान पर आने से मुझे कवि कलश का किरदार निभाने की प्रेरणा मिली। यह यात्रा सिर्फ उनका किरदार निभाने से पहले उनसे आशीर्वाद लेने तक की सीमित नहीं थी। मुझे उनके चरित्र और उनकी भावनाओं को समझने का मौका भी मिला। जिसे मैं फिल्म में निभा सका। विनीत ने लिखा, आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर मैं कहना चाहता हूं कि मुझे उनका जीवन जीने का मौका मिला। मैं उन्हें जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।