'अनारकली ऑफ आरा' वाले अविनाश लाए नई थ्रिलर फिल्म, इम्तियाज अली की सीरीज 'शी' में दिखा चुके कमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपनी बेबाकी के लिए मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' का लेखन और निर्देशन करने वाले अविनाश दास एक बार फिर से खबरों में हैं। वह एक ओरिजिनल सस्पेंस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं जिसकी कहानी राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित अतुल सत्य कौशिक के एक नाटक 'बालीगंज 1990' से प्रेरित है। फिल्म का शीर्षक है 'रात बाकी है'।
'रात बाकी है' की कहानी पहले प्यार, फिर उसमें धोखा और बाद में बदला लेने की होगी। फिल्म की कहानी एक रात पर ही आधारित है जिसमें अलग हो चुका एक प्रेमी जोड़ा अचानक से विचित्र परिस्थितियों में 12 साल बाद मिलता है। यहां एक हत्या भी होती है जो अप्रत्याशित घटनाओं को जन्म देती है। इस फिल्म में पाउली डैम, अनूप सोनी, राहुल देव, दीपानिता शर्मा और आकाश दहिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह समय अनिश्चितताओं भरा है इसलिए निर्माताओं ने अभी इस फिल्म के रिलीज होने की तारीख तय नहीं की है।
अविनाश दास ने सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत मिस्टर परफेक्शनिस्ट अभिनेता आमिर खान की टीवी सीरीज 'सत्यमेव जयते' से वर्ष 2012 में की। इस सीरीज के कोई 14 एपिसोड से वह एक संवाददाता के रूप में जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने कमल स्वरूप की एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'द बैटल ऑफ बनारस' में उनका हाथ बंटाया। अविनाश ने इस डॉक्यूमेंट्री की शोध टीम के साथ मिलकर काम किया। बाद में उन्हें स्वरा भास्कर की फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' का निर्देशन करने का मौका मिला।
'अनारकली ऑफ आरा' अपने समय की चर्चित फिल्म रही। अविनाश को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की एक ओरिजिनल वेब सीरीज 'शी' के सह निर्देशन का काम भी मिला। इसका लेखन और निर्माण जाने-माने फिल्म निर्माता-निर्देशक इम्तियाज अली ने किया। यह सीरीज इसी साल रिलीज हुई। अब अविनाश को यह ओरिजिनल फिल्म हाथ लगी है और वह इसकी शूटिंग भी शुरू कर चुके हैं। उनकी एक वेब सीरीज जल्द ही मैक्स प्लेयर पर भी प्रस्तावित है।