Abu Malik Interview: मलिक परिवार बिखर रहा है? अबु मलिक ने अनु और डब्बू मलिक के रिश्तों पर क्या प्रतिक्रिया दी
अनु मलिक के तीसरे भाई अबु मलिक ने भी अब म्यूजिक डायरेक्टर और भतीजे अमाल मलिक के आरोपों पर टिप्पणी की है। कुछ दिन पहले अमाल ने अनु मलिक पर गंभीर आरोप लगाए। अमर उजाला से हालिया बातचीत में मलिक परिवार के विवाद, रिश्तों पर खुलकर बोले अबु मलिक।
विस्तार
हाल ही में म्यूजिक डायरेक्टर अमाल मलिक ने अपने पिता डब्बू मालिक और चाचा अनु मलिक के बीच प्रोफेशनल टकराव को लेकर एक सनसनीखेज बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनु मलिक ने उनके पिता डब्बू मलिक से कई बार जानबूझकर काम छीना और उनके करियर को नुकसान पहुंचाया। लेकिन अब इस पारिवारिक विवाद पर परिवार के तीसरे भाई अबु मालिक ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। अमर उजाला डिजिटल से इस पूरे मामला पर वह क्या बोले, जानिए।
‘ऐसा कुछ नहीं हुआ कि अनु ने डब्बू का काम छीना हो…’
अबु मालिक ने अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में कहा, 'सच्चाई ये है कि मेरे सामने कभी ऐसा कुछ नहीं हुआ कि अनु ने डब्बू का काम छीना हो। दोनों अपने-अपने काम में लगे हुए थे और दोनों ने अपने-अपने तरीके से म्यूजिक इंडस्ट्री में नाम कमाया।’
‘दोनों की राहें अलग थीं, काम करने का तरीका भी..’
अनु हमेशा से ही बड़ा नाम रहे हैं और उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है, वो मेहनत और टैलेंट से पाया है। वहीं डब्बू का सफर अलग रहा, उन्होंने भी काफी अच्छा म्यूजिक दिया है। लेकिन दोनों की राहें अलग थीं। उनके जॉनर अलग थे, उनका काम करने का तरीका भी अलग था।
'हर परिवार में छोटे-छोटे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन…’
अबु मालिक ने आगे कहा, 'हर परिवार में छोटे-छोटे मतभेद हो सकते हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कोई किसी की तरक्की रोकने में लगा हो। अनु ने दशकों तक हिट म्यूजिक दिया है। उनकी अपनी लीग रही है। डब्बू उनसे जूनियर थे और वो अलग तरह के प्रोजेक्ट्स करते थे। दोनों की राहें अलग थीं, इसलिए एक-दूसरे की राह में आने की कोई बात नहीं है।'
‘हमारी विरासत बहुत बड़ी है..’
अबु ने आगे कहा कि वे चाहते हैं कि उनके परिवार के बच्चे आपस में जुड़कर काम करें। 'मैंने अब तक अमाल का इंटरव्यू न तो देखा है और न ही पढ़ा है, अगर उसने ऐसा महसूस किया है, तो ये सुनकर मुझे वाकई दुख होता है। एक परिवार के तौर पर हमें एक-दूसरे का सपोर्ट करना चाहिए। मैं हमेशा से चाहता हूं कि हमारे परिवार के बच्चे आपस में जुड़कर काम करें, एक-दूसरे को मोटिवेट करें। हमारी विरासत बहुत बड़ी है और उसे तोड़ने के बजाय हमें मिलकर और मजबूत बनाना चाहिए।'
अपने भतीते अमाल और अरमान पर बोलते हुए अबु ने कहा, 'ये दोनों बच्चे कमाल के टैलेंटेड हैं। अमाल का म्यूजिक आज के युवाओं में खूब चलता है और अरमान की आवाज में गहराई है। मुझे इन पर गर्व है। इन्होंने अपने दम पर एक पहचान बनाई है और ये देखकर अच्छा लगता है कि हमारे परिवार का नाम आज भी इंडस्ट्री में चमक रहा है।'
'मेरा खुद का करियर म्यूजिक कंपोजिंग से थोड़ा हटकर रहा है’
अबु मालिक ने अपनी जर्नी पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'मेरा खुद का करियर म्यूजिक कंपोजिंग से थोड़ा हटकर रहा है। मैंने हमेशा लाइव शोज किए, बड़े-बड़े कॉन्सर्ट्स किए। इंडिया से लेकर विदेशों तक मेरे सैकड़ों शोज हुए हैं। मैं एंटरटेनमेंट की उस दुनिया में हूं, जो फिल्मों से थोड़ी अलग है। इसीलिए मेरे काम का अनु या डब्बू से कभी कोई टकराव नहीं रहा।'
‘हमारी अगली पीढ़ी भी अपने-अपने तरीके से म्यूजिक को आगे ले जा रही है’
अबु ने अपने बेटे अयान मालिक का भी जिक्र किया और बताया कि कैसे वह भी अब फैमिली की म्यूजिक की विरासत को आगे बढ़ा रहा है। 'मेरा बेटा अयान मालिक आजकल यूके और यूरोप में म्यूजिक प्रोडक्शन कर रहा है। उसका स्टाइल आज के यूथ को बहुत पसंद आता है। मुझे खुशी है कि हमारी अगली पीढ़ी भी अपने-अपने तरीके से म्यूजिक को आगे ले जा रही है।'
अबु मलिक ने बातचीत खत्म करते हुए कहा, 'हर परिवार में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम एक-दूसरे के दुश्मन हैं। मेरी नजर में सब ठीक हैं। अनु, डब्बू, अमाल, अरमान, अयान … सब मेहनती हैं और सबकी जगह पक्की है। मलिक परिवार का संगीत हमेशा जिंदा रहेगा, ये हमारी सबसे बड़ी ताकत है।'