आमिर की 'पीके' पर चोरी का आरोप, बदले में मांगे एक करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आमिर खान की फिल्म 'पीके' पर अब कंटेंट चोरी का आरोप लगा है। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक पर एक उपन्यासकार ने याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक ने 2013 में प्रकाशित उनकी किताब 'फरिश्ता' के कुछ अंशों का इस्तेमाल किया है।
कपिल इसापुरी नाम के उपन्यासकार ने फिल्म निर्माताओं से नुकसान की भरपाई के रूप में एक करोड़ रुपये की मांग की है। साथ ही उन्होंने न्यायालय से अपनी रचना के श्रेय के लिए, निर्देश देने का भी अनुरोध किया है।
उनका दावा है कि फिल्म में उनके कंटेंट का इस्तेमाल किया गया है। लेखक ने यह भी दावा किया है कि फिल्म में उठाए गए कई मुद्दे उनकी पुस्तक से 'नकल' किए गए हैं।
उपन्यासकार ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका
उपन्यासकार इसापुरी ने आमिर की फिल्म पीके के निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी सहित फिल्म निर्माण कंपनियों और पटकथा लेखक अभिजात जोशी पर उनके उपन्यास से 'किरदार, विचारों की अभिव्यक्ति, दृश्य' आदि चुराए जाने का आरोप लगाया है।
हाईकोर्ट में दायर याचिका में इसापुरी ने दावा किया है कि अपने उपन्यास में उन्होंने बाबाओं के कहे पर आंख मूंद कर अनुसरण करने की जमकर आलोचना की है।
इसापुरी ने अपनी याचिका में कहा है कि 'मैं माफी चाहूंगा कि मैंने पीके फिल्म 19 दिसंबर को रिलीज होने के काफी देर बाद देखी। मैंने एक जनवरी को फिल्म देखी और मैं पूरी तरह से दंग रह गया जब मैंने देखा कि फिल्म में कई दृश्य मेरे हालिया उपन्यास 'फरिश्ता' से प्रेरित हैं।'