एलियन बन जाएंगे पर रोबोट नहीं बनेंगे आमिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीके के बाद आमिर खान क्या करेंगे, यह सवाल उनकी इस फिल्म के रिलीज होने से पहले मौजूद था। परंतु अब यह साफ हो चुका है कि आमिर की अगली फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की दंगल होगी। जिसमें वह एक पहलवान का रोल निभाने जा रहे हैं।
इन खबरों के साथ यह भी सुर्खियों में था कि दक्षिण के निर्देशक शंकर की फिल्म रोबोट-2 में आमिर खलनायक का रोल निभाने पर विचार कर रहे हैं। परंतु आमिर के करीबी सूत्रों ने साफ कर दिया है कि यह ऐक्टर एक बार में एक ही फिल्म वाली नीति पर कायम रहेगा। यानी हाल-फिलहाल तो वह रोबोट नहीं बनने वाले।
आमिर के साथ एक दशक से करना चाहते हैं काम
आमिर को लेकर खबर है कि बीते करीब एक दशक से शंकर आमिर खान के साथ काम करना चाह रहे हैं और कई मौकों पर दोनों की इस बारे में बात हो चुकी है। कुछ विषयों पर उन्होंने गहन चर्चाएं भी की हैं।
कुछ समय पहले आमिर शंकर से मिलने के लिए चेन्नई भी गए थे, जहां उन्होंने रोबोट के सीक्वल पर बातचीत की थी। रजनीकांत के साथ सुपरहिट रोबोट बनाने के बाद शंकर इसका सीक्वल बनाना चाह रहे थे और आमिर को उसमें काम करने का इच्छुक बताया जा रहा था। दोनों की मुलाकात के बाद सामने यह आया कि आमिर रोबोट-2 में खलनायक की भूमिका निभा सकते हैं।
पहलवानी के रोल को दे रहे ज्यादा तवज्जो
पीके के बाद आमिर के पास जब तिवारी का प्रोजेक्ट आया तो उन्होंने गंभीरता से विचार किया कि कौन सी फिल्म पहले करना चाहिए। अंततः उन्होंने जमीन से जुड़े पहलवान बनने का फैसला किया।
अब ऐसे में शंकर के लिए कठिन समस्या पैदा हो गई कि रोबोट-2 के लिए लंबा इंतजार करें। आमिर अपनी इस नीति पर कायम हैं कि वह एक बार में एक ही फिल्म में काम करेंगे।
बताया जा रहा है कि हमेशा की तरह आमिर ने किरदार में पूरी तरह से उतरने का फैसला किया है और इन दिनों वह पहलवान की तरह अपना शरीर बनाने में लगे हुए हैं।