Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   Lok Sabha ›   Why is the opposition calling PM Modi's meditation a violation of the code of conduct

LS Polls: पीएम मोदी की साधना को विपक्ष क्यों बता रहा आचार संहिता का उल्लंघन, कहां से आई बंगाल साधने की बात?

Fri, 31 May 2024 05:58 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Fri, 31 May 2024 05:58 PM IST
विज्ञापन
सार

LS Polls: पीएम मोदी लोकसभा विवेकानंद रॉक मेमोरियल पहुंच गए हैं। विपक्ष का कहना है कि इस ध्यान के टीवी-प्रिंट मीडिया में प्रसारण से चुनाव आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन होता है। 

loader
Why is the opposition calling PM Modi's meditation a violation of the code of conduct
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार से फारिग होकर सीधे विवेकानंद रॉक मेमोरियल पहुंच गए हैं, जहां वे ध्यान साधना में लग गए हैं। पीएम मोदी वहां दो दिन तक ध्यान साधना करेंगे। प्रधानमंत्री का यह ध्यान कार्यक्रम मीडिया की सुर्खियां बना हुआ है। 2019 के लोकसभा चुनावों में भी प्रचार अभियान के समाप्त होने के बाद वे ध्यान करने के लिए केदारनाथ की गुफाओं में पहुंच गए थे। लेकिन विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ध्यान कार्यक्रम के प्रसारण को लेकर आपत्ति जताई है। विपक्ष का कहना है कि इस ध्यान के टीवी-प्रिंट मीडिया में प्रसारण से चुनाव आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन होता है। विपक्ष ने चुनाव आयोग से इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है। 


दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र के ध्यान कार्यक्रम को विपक्ष मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश के तौर पर देख रहा है। विपक्ष का कहना है कि चुनावी कार्यक्रमों पर रोक लग जाने के बाद प्रधानमंत्री इसी तरह ध्यान कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिससे मीडिया और लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया जा सके। इसके माध्यम से वे वर्ग विशेष के मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन है। इसलिए वह इस कार्यक्रम के प्रसारण को प्रतिबंधित करने की मांग कर रहा है।


2019 में केदारनाथ गए थे पीएम मोदी
2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ में ध्यान करने के लिए गए थे। वहां एक गुफा में ध्यान साधना में मग्न उनकी तस्वीरें बहुत वायरल हुई थीं। उस समय भी विपक्ष ने मोदी के इस ध्यान कार्यक्रम पर अपनी आपत्ति जताई थी। हालांकि, इसके पहले 2014 के चुनाव प्रचार अभियान की समाप्ति के बाद भी उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े प्रतापगढ़ में जाकर ध्यान लगाया था। यह वही स्थान है जहां छत्रपति शिवाजी ने अपने बघनख से अफजल खान को मौत की नींद सुला दिया था। 
विपक्ष मानता है कि प्रधानमंत्री इन स्थलों का चयन बहुत सोच समझकर करते हैं। वे इसके जरिए एक वर्ग के मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश करते हैं। विपक्ष का मानना है कि इस बार भी विवेकानंद मेमोरियल का चुनाव केवल इसलिए किया गया है क्योंकि सातवें चरण में बंगाल की नौ सीटों पर भी चुनाव हो रहे हैं। चूंकि विवेकानंद का पश्चिम बंगाल में बहुत सम्मानजनक स्थान है, प्रधानमंत्री मोदी का विवेकानंद मेमोरियल जाना बंगाल के मतदाताओं को प्रभावित करने की एक कोशिश है। उसके अनुसार, यह भी चुनाव को प्रभावित कर सकता है, लिहाजा इस पर रोक लगनी चाहिए।
हालांकि, इसके साथ-साथ एक जून में यूपी के पूर्वांचल की 13 सीटों पर भी मतदान होगा। उड़ीसा की छह सीटों पर भी इसका असर पड़ने की संभावना हो सकती है। चूंकि भाजपा दक्षिण में अपने विस्तार को लेकर बहुत सक्रिय है, विपक्ष प्रधानमंत्री के इस ध्यान कार्यक्रम को तमिलनाडु सहित कई अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों से जोड़कर भी देख रहा है।   

कांग्रेस का क्या कहना है?
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि मतदान के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार रोक दिया जाता है। इस दौरान सीधे या अप्रत्यक्ष तरीके से मतदाताओं को प्रभावित करने वाला कोई कदम नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि या तो प्रधानमंत्री का ध्यान कार्यक्रम मतदान के बाद रखा जाए या इसका प्रसारण टीवी-प्रिंट मीडिया पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। 

तुष्टीकरण की कोशिश कर रहा विपक्ष- भाजपा
विपक्ष की इस आपत्ति को भाजपा ने गैर जरूरी और वर्ग विशेष के तुष्टीकरण का प्रयास बताया है। भाजपा नेता खेमचंद शर्मा ने अमर उजाला से कहा कि स्वतंत्र भारत में कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से ध्यान-पूजा कर सकता है। प्रधानमंत्री केवल आज पूजा ध्यान कार्यक्रम नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे हमेशा से ध्यान साधना करते रहे हैं और इसके बारे में सभी लोगों को जानकारी है। इसलिए प्रधानमंत्री के आज के ध्यान साधना कार्यक्रम को चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। 
खेमचंद शर्मा ने कहा कि विपक्ष एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हिंदुओं की भावनाओं को चोट पहुंचाने का काम करता रहता है। आज प्रधानमंत्री की पूजा पर आपत्ति जताकर भी वह यही काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह कोशिश यह भी बताती है कि विपक्ष चुनावों में बुरी तरह हारने जा रहा है, इसलिए वह अनर्गल विषय उठाकर लोगों का ध्यान दूसरी ओर खींचना चाहता है। नेता ने दावा किया कि इस चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर देश के इतिहास में एक नया इतिहास रचेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed