Tamil Nadu: उदयनिधि स्टालिन बोले- क्या मिचौंग के दौरान PM मोदी आए थे, कहा- स्टालिन सरकार ने हर घर को दिए 8000
उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि 10 साल पहले सिलेंडर की कीमत 500 रुपये थी लेकिन अब वह दोगुनी हो गई है। हमने वादा किया है कि अगर इस चुनाव में हमें जीत मिलती है तो हम सिलेंडर की कीमतें 500 रुपये तक कम कर देंगे। हम पेट्रोल-डीजल की कीमतों को भी कम करेंगे।
विस्तार
क्या कोरोना महामारी के दौरान हमारी मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे? क्या मिचौंग के दौरान प्रधानमंत्री मदद के लिए आए थे? उन्होंने हमारे राज्य के लिए कुछ अच्छा नहीं किया। यह कहना है कि डीएमके नेता और तमिलनाडु के कैबिनेट मंत्री उदयनिधि स्टालिन का। शनिवार को चेन्नई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मिचौंग के दौरान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन लोगों के बीच पहुंचे थे। डीएमके सरकार ने प्रत्येक घर को आठ हजार रुपये दिए।
सिलेंडर और डीजल-पेट्रोल की कीमतों में करेंगे कटौती
दरअसल, उदयनिधि स्टालिन शनिवार को डीएमके उम्मीदवार दयानिधि मारन के समर्थन में प्रचार करने चेन्नई सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती करने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले सिलेंडर की कीमत 500 रुपये थी लेकिन अब वह दोगुनी हो गई है। हमने वादा किया है कि अगर इस चुनाव में हमें जीत मिलती है तो हम सिलेंडर की कीमतें 500 रुपये तक कम कर देंगे। हम पेट्रोल-डीजल की कीमतों को भी कम करेंगे। हमारे सीएम ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू की है। हमारे सीएम ने ही स्कूली छात्रों के लिए मुफ्त टिफिन की शुरुआत की, जिससे राज्य के 18 लाख छात्रों को लाभ मिला। वहीं, सिर्फ चेन्नई में 61 हजार छात्रों को इसका लाभ मिला। हमें तमिलनाडु में एनईईटी परीक्षा के लिए छूट मिलेगी। मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं।
सांसद को वोट देने की अपील
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम पहले कहा करते थे कि पीएम मोदी वापस जाओ, लेकिन अब हम कहते हैं कि पीएम मोदी बाहर जाओ। द्रमुक सरकार ने क्षेत्र में कई अच्छी योजनाएं लागू की हैं। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि जैसे आप लोगों ने हमारे विधायक को अपना आशीर्वाद दिया है ठीक वैसे ही मारन को भी अपना आशीर्वाद दें और उन्हें भारी मतों से जिताएं।
एम्स को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
उदयनिधि ने चेन्नई एम्स में हो रही देरी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 2015 में एम्स की घोषणा की थी लेकिन अभी तक वहां निर्माण नहीं हो पाया। वहीं, हमारे सीएम ने चेन्नई में 1000 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की घोषणा की और 10 महीने में उसे बनवा भी दिया गया, वह अब चालू भी है। यह अंतर है डीएमके और भाजपा सरकार में। मेरे पास एक ईंट है, जो उन्होंने रखी थी। मैं यह ईंट तब तक वापस नहीं करूंगा, जब तक तमिलनाडु में एम्स का निर्माण नहीं हो जाता।