फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   Lok Sabha ›   LS Polls: Harsh Malhotra said country will move forward under the leadership of PM Modi

LS Polls: हर्ष मल्होत्रा बोले- 100 फीसदी नंबर से पास करेंगे परीक्षा, पीएम मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा देश

Fri, 24 May 2024 09:43 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Fri, 24 May 2024 09:43 PM IST
विज्ञापन
LS Polls: Harsh Malhotra said country will move forward under the leadership of PM Modi
हर्ष मल्होत्रा से खास बातचीत। - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली में शनिवार 25 मई को मतदान होंगे। भाजपा को इस चुनाव से क्या उम्मीदें हैं, और चुनाव के बाद दिल्ली में उसकी क्या प्राथमिकता रहेगी, इन मुद्दों पर हमारे संवाददाता ने भाजपा के पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा से विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश- 


loader

प्रश्न- मतदान के ठीक एक दिन पहले आपकी स्थिति क्या है? क्या उस बच्चे जैसा अनुभव कर रहे हैं जिसकी परीक्षा की घड़ी आ गई है?
उत्तर-
(हंसते हुए) जिस छात्र ने पूरे साल मेहनत करके पढ़ाई की हो, उसे परीक्षा से डर नहीं लगता। आपने स्वयं देखा है, हमने लगातार मेहनत की है। हमारे कार्यकर्ता लगातार जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को हल करते रहे हैं। केंद्र सरकार ने लगातार 10 सालों में जनता के लिए अच्छा काम करके लोगों का जीवन स्तर सुधारा है। गरीबों-महिलाओं के लिए काम किया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली में बड़े-बड़े निर्माण कर और हाईवे बनाकर राजधानी का प्रदूषण कम करने का काम किया है। अपने इन कामों के बल पर हमें पूरा विश्वास है कि हम जनता के भरोसे पर पूरे खरे उतरेंगे और इस चुनाव में सौ फीसदी नंबर पाने (दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत के संदर्भ में) की हैट्रिक लगाएंगे। 

प्रश्न- यदि आप पूर्वी दिल्ली के सांसद बनते हैं तो आपकी प्राथमिकता क्या रहने वाली है?
उत्तर-
मैंने पूर्वी दिल्ली के लिए जारी अपने घोषणा पत्र में भी यह बता दिया है। सांसद बनने के बाद हमारे क्षेत्र के साथ-साथ पूरी दिल्ली में गरीबों के लिए पक्के मकान की व्यवस्था की जाएगी। हर घर तक साफ पानी की उपलब्धता और हर घर के किचन तक पीएनजी गैस की सप्लाई कराना सुनिश्चित करेंगे। पूर्वी दिल्ली में जगह-जगह पर पार्किंग स्थल विकसित किये जायेंगे। 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों का पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त किया जायेगा। गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ को समाप्त करेंगे और पूर्वी दिल्ली में सुंदर स्थल विकसित करेंगे। इसी तरह के कई और कार्य हैं जो हमारी प्राथमिकता में हैं। 

प्रश्न- चुनाव के ठीक पहले शराब घोटाले में केजरीवाल की गिरफ्तारी, स्वाति मालीवाल विवाद और आम आदमी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन। आपको क्या लगता है कि इस चुनाव में इन मुद्दों का कितना असर रहेगा?
उत्तर-
दिल्ली की जनता ने देखा है कि किस तरह एक महिला सांसद को मुख्यमंत्री के आवास में ही पीटा गया। मुख्यमंत्री उस महिला को न्याय देने की बजाय उस आरोपी को ही बचाने की कोशिश कर रहा है। इससे महिलाएं समझ गई हैं कि ऐसा मुख्यमंत्री उनके साथ न्याय नहीं कर सकता। पहले इन्हीं केजरीवाल ने गली-गली, घर-घर शराब पहुंचाकर दिल्ली की महिलाओं को परेशान किया था। इससे इनकी असलियत खुलकर सामने आ गई है। अच्छा हुआ कि ये दोनों दल गठबंधन में आ गए। जनता तो पहले से ही जानती थी कि कांग्रेस ने ही आम आदमी पार्टी को पैदा किया था। इस गठबंधन ने वह बात साबित भी कर दी। दो भ्रष्टाचारी के साथ आने से जनता को निर्णय करने में और ज्यादा आसानी हो जाएगी। आप देखेंगे कि ये गठबंधन बुरी तरह असफल होगा। 

प्रश्न- प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार कुलदीप कुमार को कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?
उत्तर-
मैंने सुना है कि कल जब वे अपने ही विधानसभा क्षेत्र में वोट मांगने गए थे, तो उनका बड़ा विरोध हुआ कि। उन्हें उल्टे वापस लौटना पड़ा था। इसी से समझ लीजिए कि चुनाव में क्या होने वाला है। 

प्रश्न- पूर्वी दिल्ली में मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं की बहुत बड़ी आबादी है। कहा यही जा रहा है कि वे कांग्रेस-आप गठबंधन के प्रत्याशी को एकजुट होकर वोट कर रहे हैं। यदि ऐसा हुआ तो क्या यह बड़ी चुनौती बनेगी?
उत्तर-
यह भी कांग्रेस का फैलाया हुआ भ्रम है। मैं पूर्वी दिल्ली के जिस इलाके का पार्षद रहा हूं, लगातार मुझे मुस्लिम समुदाय का समर्थन मिलता रहा है। ओखला क्षेत्र में हमारे मुस्लिम समुदाय के कार्यकर्ता लगातार बता रहे हैं कि किस तरह मोदी जी के कार्यों के कारण मुस्लिम समुदाय में भी बड़ा बदलाव आ रहा है। तीन तलाक से पीड़ित महिलाओं ने मोदी जी को लगातार वोट दिया है। मैं इसे कोई चुनौती नहीं मानता। हमें दिल्ली के साथ साथ पूरे देश में मुस्लिम समुदाय के लोगों का वोट मिलता है। 

प्रश्न- अंतिम प्रश्न, चुनाव के ठीक एक दिन पहले मतदाताओं को क्या संदेश देंगे?
उत्तर-
मैं सभी मतदाता भाई-बहनों से एक ही बात कहूंगा। ये चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनाने का चुनाव है। आपकी, आपके बच्चों को एक विकसित राष्ट्र देने का चुनाव है। भारत को विश्वगुरु बनाने का चुनाव है। एक भी वोट पड़ने से बचना नहीं चाहिए। सभी भाई-बहन देश को समृद्ध करने के लिए आगे बढ़ें, मतदान करें और मोदी जी को पूरी मजबूती के साथ प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट करें।  

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed