चुनावी हलफनामा: त्रिपुरा की महारानी के पास खुद का घर नहीं, राजस्थान के करण सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक
त्रिपुरा पूर्व सीट से उम्मीदवार कृति देबबर्मन के पास 7 करोड़ की कृषि भूमि दो लाख नकद, 37 लाख का सोना है। कृति व उनके पति के पास कुल मिलाकर दो लाख की नकदी है। उनके पास 37 लाख रुपये का आधा किलो से ज्यादा सोना है।
विस्तार
त्रिपुरा के शाही परिवार की महारानी कृति देवी देबबर्मन को भाजपा ने उनके मायके त्रिपुरा पूर्व संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है। उनकी कुल संपत्ति 11.09 करोड़ है, जिसमें 4.05 करोड़ की चल और 7.04 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। हालांकि, उनके पास अपना घर नहीं है। वह पति योगेश्वर राज सिंह के 50 करोड़ के महल में रहती हैं। राज सिंह की चल संपत्ति 24.30 करोड़ है। वह छत्तीसगढ़ के पूर्ववर्ती कवर्धा रियासत के राजा हैं और दो बार कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं।
त्रिपुरा पूर्व सीट से उम्मीदवार कृति देबबर्मन के पास 7 करोड़ की कृषि भूमि दो लाख नकद, 37 लाख का सोना है। कृति व उनके पति के पास कुल मिलाकर दो लाख की नकदी है। उनके पास 37 लाख रुपये का आधा किलो से ज्यादा सोना है।
इसके अलावा त्रिपुरा के शाही परिवार के मुखिया प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा की बड़ी बहन कृति के पास 15 लाख की एक जीप है। उनके पति के पास 46 लाख की दो एसयूवी है।
करण सिंह करोड़ों के मालिक, पर बे-कार
राजस्थान की जोधपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे करण सिंह उचियारड़ा और उनकी पत्नी सुप्रिया कंवर दोनों करोड़पति हैं। दंपती की कुल संपत्ति 70.39 करोड़ रुपये है। इसके बावजूद, दोनों के पास कोई गाड़ी नहीं है। वित्त वर्ष 2022-23 में करण सिंह ने अपनी कुल आय 96,93,550 दर्शाई। पत्नी की आय 43,28,160 रही। करण सिंह के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 55.82 करोड़ से ज्यादा है, जिसमें 36.64 करोड़ की अचल और 16.19 करोड़ की चल संपत्ति शामिल है।
जोधपुर सीट से उम्मीदवार के पास 55.82 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
- 18.30 करोड़ की कृषि भूमि
- 8.10 करोड़ की गैर कृषि भूमि
चार आपराधिक मामले लंबित
सिंह के पास एक किलो से अधिक का सोना और चार किलो से अधिक की चांदी है, जिसका मूल्य क्रमशः 95.19 लाख और 1.55 लाख रुपये है। इसके अलावा, उनके पास 2.53 लाख की दो हीरे की अंगूठियां हैं और वह 9.4 लाख की घड़ी भी पहनते हैं। इसमें उनकी पत्नी के आभूषण और कीमती वस्तुएं शामिल नहीं हैं।