{"_id":"662997d8faab3acdfc09b923","slug":"congress-leader-rahul-gandhi-launches-attack-on-prime-minister-narendra-modi-and-bjp-2024-04-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"तंज: 'कांग्रेस के घोषणापत्र से घबराई BJP नहीं रोक सकती जाति गणना'; राहुल ने कही OBC शब्द को खत्म करने की बात","category":{"title":"Lok Sabha","title_hn":"लोकसभा","slug":"lok-sabha"}}
तंज: 'कांग्रेस के घोषणापत्र से घबराई BJP नहीं रोक सकती जाति गणना'; राहुल ने कही OBC शब्द को खत्म करने की बात
Thu, 25 Apr 2024 05:08 AM IST
शिव शरण शुक्ला
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली/अमरावती
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली/अमरावती
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Thu, 25 Apr 2024 05:08 AM IST
सार
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने बुधवार को समृद्ध भारत नामक संगठन की ओर से आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन में कहा कि जाति गणना उनका संकल्प है और वह इसे पूरा करके रहेंगे। कोई इस मार्ग में बाधा नहीं बन सकता, क्योंकि यह उनकी राजनीति नहीं, जीवन का लक्ष्य है।
विज्ञापन
राहुल गांधी
- फोटो : संवाद
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो अपने आप को देशभक्त कहते हैं, वे 90 फीसदी लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने वाली जाति गणना के एक्स-रे के विरोध में खड़े हो गए हैं, लेकिन कोई भी ताकत इसे नहीं रोक सकती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस के क्रांतिकारी घोषणापत्र से घबरा गए हैं।
विज्ञापन
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने बुधवार को समृद्ध भारत नामक संगठन की ओर से आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन में कहा कि जाति गणना उनका संकल्प है और वह इसे पूरा करके रहेंगे। कोई इस मार्ग में बाधा नहीं बन सकता, क्योंकि यह उनकी राजनीति नहीं, जीवन का लक्ष्य है।
विज्ञापन
राहुल ने कहा, हिंदुस्तान में आज 90 फीसदी लोगों के साथ भयंकर अन्याय हो रहा है। हमने ऐसा नहीं कहा कि हम कोई कार्रवाई करेंगे, हमने सिर्फ कहा कि यह पता लगाएंगे कि कितना अन्याय हो रहा है। मुझे ओबीसी में कोई रुचि नहीं है। मैं तो इस शब्द को खत्म करने के पक्षधर हूं। इन्हें बराबरी का दर्जा देकर, न्याय दिलाकर मुख्यधारा में जोड़ना चाहता हूं। सरकार आई तो इस पर विचार किया जाएगा, लेकिन भाजपा कहती है कि वह देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। जाति गणना सिर्फ जाति सर्वे नहीं है। इसमें आर्थिक और औद्योगिक सर्वे भी जोड़ेंगे। इससे पता चलेगा किस जाति की कितनी आबादी है। संस्थानों में उनकी भागीदारी क्या है। इससे पता चलेगा की 70 साल की आजादी के बाद देश के हालात क्या है।
विज्ञापन
युवा समझ रहे ध्यान भटका रही भाजपा
राहुल ने कहा कि उन्होंने एक सर्वे कराया और देखा है कि देश के युवा अमूमन सात घंटे इंस्टाग्राम पर लगे रहते हैं। भाजपा इन सबके जरिये युवाओं का ध्यान भटकती है और अब वे भी समझ रहे हैं। ओबीसी समुदाय पूछ रहा है कि राममंदिर बन गया, प्रधानमंत्री अनुष्ठान में भाग ले रहे थे, लेकिन इसमें ओबीसी समुदाय की भागीदारी क्यों नहीं थी।
22 लोगों के 16 लाख करोड़ का कर्ज किया माफ
राहुल ने कहा कि उन्होंने देश के शीर्ष 200 लोगों की सूची का अध्ययन कराया है। इसमें से 22 लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज पीएम ने माफ किया, जबकि किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। कांग्रेस और गठबंधन की सरकार सत्ता में आई तो इस पैसे में से थोड़ा सा पैसा लोगों के बीच वितरित किया जाएगा।
सत्ता में आए तो करोड़ों लोग बनेंगे लखपति
वहीं, राहुल ने महाराष्ट्र के अमरावती जिले में रैली के दौरान वादा किया कि मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में केवल 22-25 लोग ही अरबपति बने, लेकिन यदि इंडिया गठबंधन केंद्र की सत्ता में आता है तो वह करोड़ों लोगों को लखपति बनाएगा। दुनिया में कोई भी ताकत भारत के संविधान को नहीं बदल सकती है।
अगर कांग्रेस कुछ नहीं तो भाजपा नेता इतनी आलोचना क्यों कर रहे : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस कुछ भी नहीं है तो वह सबसे पुरानी पार्टी को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं। क्यों हर जगह कांग्रेस की आलोचना में लगे रहते हैं। असल में नरेंद्र मोदी अदृश्य मतदाताओं से डरे हुए हैं। यह कांग्रेस के लिए अच्छा संकेत है। तिरुवनंतपुरम में खरगे ने लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की संभावनाओं पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने 10-12 राज्यों की यात्रा की है और पार्टी को वहां मतदाताओं से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कांग्रेस के पक्ष में एक अंडरकरंट है, जो दिखाई नहीं दे रहा है।
खरगे ने कहा कि मोदी सिर्फ चुनावों के लिए यह झूठ बोल रहे हैं कि कांग्रेस लोगों के मंगलसूत्र बिकवा देगी। कांग्रेस की 55 साल तक सत्ता रही, क्या पहले कभी ऐसा हुआ। बल्कि, 1962 के युद्ध में जब देश को जरूरत पड़ी थी तो इंदिरा गांधी ने अपने जेवर दान कर दिए थे। नेहरू परिवार ने अपना घर आनंद भवन स्वतंत्रता आंदोलन के लिए दान किया था। क्या ऐसा त्याग किसी भाजपा या आरएसएस के नेता ने किया। भाजपा-आरएसएस के नेता तो देश की आजादी के आंदोलन में भी शामिल नहीं हुए।