{"_id":"65f821bb898cac033402af1e","slug":"bjp-leader-sadananda-gowda-expresses-displeasure-over-ticket-denial-know-all-updates-in-hindi-2024-03-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: 'जल्द ही अपने मन की भावनाएं साझा करूंगा', टिकट कटने से नाराज सदानंद गौड़ा ने क्यों कही ये बात","category":{"title":"Lok Sabha","title_hn":"लोकसभा","slug":"lok-sabha"}}
Politics: 'जल्द ही अपने मन की भावनाएं साझा करूंगा', टिकट कटने से नाराज सदानंद गौड़ा ने क्यों कही ये बात
Mon, 18 Mar 2024 04:43 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Mon, 18 Mar 2024 04:43 PM IST
सार
गौड़ा ने पहले चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में वे अपनी बात से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेता उन पर फिर से चुनाव लड़ने का दबाव बना रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा सांसद सदानंद गौड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
देश में इन दिनों चुनावी बयार बह रही है। इस बीच, कर्नाटक के पूर्व सीएम और भाजपा सांसद सदानंद गौड़ा को लेकर तमाम दावे किए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि आगामी लोकसभा में टिकट कटने के बाद वे कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इतना ही नहीं दावा ये भी किया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस बाबत उनसे संपर्क भी किया है। तमाम दावों के बीच सदानंद गौड़ा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वे जल्दी ही अपने मन की भावनाओं को साझा करेंगे।
विज्ञापन
भाजपा शीर्ष नेतृत्व से नाराज हैं गौड़ा
अपना जन्मदिन मना रहे सदानंद गौड़ा ने बेंगलुरु उत्तर से टिकट काटे जाने को लेकर शीर्ष नेतृत्व के निर्णय पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अब हम यह नहीं कह सकते हैं कि कर्नाटक में भाजपा एक अलग तरह की पार्टी है। यह सच है कि मुझसे दूसरों ने संपर्क किया है। इसके अलावा ये भी सही है कि हमारी पार्टी के नेताओं ने भी मुझसे संपर्क किया और चर्चा की। कल रात हमारी पार्टी के एक प्रमुख पदाधिकारी मेरे पास आए और मुझे समझाने की कोशिश की। कई तरह की बातें हो रही हैं। गौड़ा ने आगे कहा कि आज उनका जन्मदिन है, उन्हें अपने परिवार और शुभचिंतकों के साथ समय बिताना है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जल्दी ही मैं मीडिया से मुखातिब होकर अपनी बातें कहूंगा। मुझे अपने मन की भावनाएं साझा करनी है। मैं अपने परिवार से सलाह लूंगा।
विज्ञापन
स्वार्थी उद्देश्यों के लिए किसी की बलि देना ठीक नहीं - गौड़ा
आगे भाजपा सांसद ने दावा किया कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने उन्हें बताया था कि राज्य के 28 निर्वाचन क्षेत्रों में से बेंगलुरु उत्तर एकमात्र ऐसी सीट है, जहां उनके अलावा कोई अन्य उम्मीदवार नहीं है। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कर्नाटक भाजपा नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मैनें राजनीति से दूर रहने का फैसला किया था, लेकिन राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं ने मुझे चुनाव लड़ने के लिए मनाया।अंत में जब मैं इसके लिए तैयार हो गया तो कोई भी मेरे लिए सामने नहीं आया। इससे मुझे शर्मिंदा होना पड़ा है। हालांकि राजनीति में उतार-चढ़ाव लगे रहते हैं लेकिन चीजों को जानने के बावजूद, स्वार्थी उद्देश्यों के लिए किसी की बलि देना ठीक नहीं है।
विज्ञापन
भाजपा ने बेंगलुरू उत्तर से शोभा करंदलाजे को दिया है टिकट
इस बार लोकसभा चुनावों के लिए बेंगलुरू उत्तर से भाजपा ने केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे पर भरोसा जताया है। शोभा वर्तमान में उडुपी चिकमगलूर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वहीं, बेंगलुरू उत्तर से सदानंद गौड़ा सांसद हैं। गौड़ा ने पहले चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में वे अपनी बात से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेता उन पर फिर से चुनाव लड़ने का दबाव बना रहे हैं।
करंदलाजे ने दी सदानंद गौड़ा को जन्मदिन की शुभकामनाएं
तमाम अटकलों के बीच, केंद्रीय मंत्री करंदलाजे ने सदानंद गौड़ा से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही करंदलाजे ने यह भी कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों के बिना हताश और भ्रमित है। पता नहीं वे किससे संपर्क कर रहे हैं, सदानंद गौड़ा पूर्व मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने केंद्र में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में काम किया था। वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं, कांग्रेस उन्हें लामबंद करने में सफल नहीं होगी।