Lok Sabha Elections: मशहूर वकील उज्ज्वल निकम बने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से BJP प्रत्याशी, कसाब को दिलाई थी फांसी
Election: लोकसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने इस सीट से पूनम महाजन का टिकट काटा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से पूनम महाजन का टिकट काटा है और उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि अजमल कसाब केस में उज्ज्वल निकम सरकारी वकील थे और उन्होंने ही कसाब को फांसी की सजा दिलवाई थी। निकम ने 26/11 हमले के अलावा मुंबई बम ब्लास्ट केस, गुलशन कुमार मर्डर केस, प्रमोद महाजन मर्डर केस, गेटवे ऑफ इंडिया ब्लास्ट जैसे कई केस लड़े हैं। महाराष्ट्र के जलगांव शहर के एक मराठा परिवार से ताल्लुक रखने वाले मशहूर वकील निकम को अब भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।
#LokSabhaElections2024 | BJP fields Special Public Prosecutor during 26/11 Mumbai Terror attack case, Ujjwal Nikam as its candidate from Mumbai North Central.
विज्ञापन
BJP's Poonam Mahajan is the sitting MP from the constituency. pic.twitter.com/0FbzDxDpQ6 — ANI (@ANI) April 27, 2024
मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं- उज्ज्वल निकम
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा प्रत्याशी चुने जाने के बाद उज्ज्वल निकम ने कहा है कि वर्षों तक आपने मुझे कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ लड़ते हुए देखा लेकिन अब भाजपा ने मुझे नई जिम्मेदारी दी है। उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस और मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार का आभार जताया। निकम ने कहा कि मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट एक बहुत ही महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है। इसका प्रतिनिधित्व स्वर्गीय मुरली मनोहर जोशी, रामदास अठावले और पूनम महाजन ने किया और इन लोगों ने हमेशा राष्ट्रहित में संसद में सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रत्याशी ने आगे कहा ‘मैं राजनीति को लड़ाई नहीं मानता क्योंकि राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा की जा सकती है। राजनीति के माध्यम से भी देश की सेवा की जा सकती है। मुझे देश की सेवा करने का अवसर मिला है और इसलिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं।’
#WATCH | Mumbai | BJP fields Special Public Prosecutor during 26/11 Mumbai Terror attack case, Ujjwal Nikam as its candidate from Mumbai North Central.
— ANI (@ANI) April 27, 2024
He says, "For years, you saw me fighting against the accused in court. But today, BJP has given me the responsibility for which… pic.twitter.com/kjY78xvRmT
हम सभी के लिए गर्व का क्षण- पीयूष गोयल
उज्ज्वल निकम के प्रत्याशी चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है कि उज्जवल निकम अब संसद में आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई की आवाज उठाएंगे और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में हमारे साथ काम करेंगे।
मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने क्या कहा?
उधर मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने कहा कि जिस व्यक्ति ने मुंबई के लोगों के लिए और देश में आतंकवाद फैलाने वालों के खिलाफ प्रमुखता से लड़ाई लड़ी, ऐसे वकील उज्ज्वल निकम को भाजपा ने टिकट दिया है। शेलार ने विपक्षी दलों से अपील की है कि ऐसे सच्चे व्यक्ति के खिलाफ लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपना नामांकन वापस लेना चाहिए।
पूनम महाजन ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दो बार हासिल की है जीत
बता दें कि मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन ने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। वह भाजपा की युवा शाखा की पूर्व अध्यक्ष भी हैं। भाजपा के नेताओं ने दावा किया है कि महाजन को हटाने का निर्णय संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर लिया गया है। इस बात के संकेत पहले से मिल रहे थे कि पूनम महाजन को लेकर पार्टी हाईकमान कोई बड़ा फैसला ले सकता है।
कांग्रेस की तरफ से वर्षा गायकवाड़ मैदान में
उधर कांग्रेस ने अपनी शहर इकाई प्रमुख और धारावी विधायक वर्षा गायकवाड़ को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से मैदान में उतारा है। बता दें कि मुंबई में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है।